द फॉलोअप डेस्क
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर और विजयनगरम जिलों के दो सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सात मेधावी छात्रों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए एक अनोखा तोहफा मिला। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले इन छात्रों को उनके शिक्षकों ने हवाई यात्रा का अवसर प्रदान किया। इन छात्रों का चयन उनके शानदार अंकों और कठिन पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए किया गया।
अनंतपुर जिले के बेलुगुप्पा मंडल की पांच छात्राओं ने एसएससी परीक्षा में 600 में से 550 से अधिक अंक प्राप्त किए। ये सभी छात्राएं गरीब परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। उनकी प्रेरणा और मेहनत को सम्मानित करने के लिए मंडल शिक्षा अधिकारी मल्ला रेड्डी ने इस हवाई यात्रा को प्रायोजित किया, जिसमें जिला कलेक्टर वी. विनोद कुमार ने भी सहयोग दिया।
पिछले सप्ताह इन छात्राओं ने हैदराबाद से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। छात्रा टी. मधुश्री ने कहा, “हम में से अधिकतर लोग बीपीएल परिवारों से हैं। हमने कभी कार में भी सफर नहीं किया था, फ्लाइट का अनुभव हमारे लिए अविस्मरणीय रहा।” वहीं, वाई. ईश्वरी ने कहा, “यह शानदार एहसास था। जब सर ने कहा कि 550 से अधिक अंक लाने वालों को हवाई यात्रा का मौका मिलेगा, तभी से मैं और मेहनत से पढ़ाई करने लगी।"
मंडल शिक्षा अधिकारी मल्ला रेड्डी ने कहा कि ये छात्राएं बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजरते हुए भी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। अगर सरकारी स्कूलों के शिक्षक इसी तरह प्रेरक पहल करें तो ये बच्चे और भी बेहतर कर सकते हैं। इसी तरह, विजयनगरम जिले में शिक्षक मरदाना सत्य राव ने दो छात्रों, संगीरेड्डी विवेक और टी. रेवंत के लिए हवाई यात्रा प्रायोजित की। विवेक ने 593 और रेवंत ने 591 अंक प्राप्त किए थे। 5 मई को दोनों छात्रों ने विजयवाड़ा से विशाखापत्तनम की फ्लाइट से यात्रा की।
