logo

गुजरात : BSF ने कच्छ में हरामी नाला के पास से 4 पाकिस्तानी मछुआरे पकड़े

a425.jpg

डेस्क: 

भारतीय समुद्री सीमा में घुसने के आरोप में 4 पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के विशेष घात दल ने ये कार्रवाई की है। दरअसल, गुरुवार की सुबह गुजरात (Gujarat) के कच्छ में भारत-पाकिस्तान सीमा (Indo-Pak Border) के पास हरामी नाला में एक चैनल के माध्यम से भारतीय समुद्री सीमा में घुसे 4 पाकिस्तानी मछुआरों को पकड़ गया। यही नहीं, बीएसएफ जवानों ने मछली पकड़ने वाली 10 पाकिस्तानी नांवों को भी जब्त किया है। फिलहाल, उनको हिरासत में लिया गया है। 

 

नाला हरामी के पास पकड़े गये मछुआरे
सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने आधिकारिक बयान में बताया है कि हरामी नाला क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधि दिखी। जांच करने पर पता चला कि ये पाकिस्तानी मछुआरे हैं। हमने उनको हिरासत में लिया है। वहां से पाकिस्तान की मछली पकड़ने वाली 10 नौका जब्त की गई। अब तक 15 नौकाएं पकड़ी जा चुकी हैं। 4 पाकिस्तान मछुआरों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आगे की कार्रवाई जारी है। 

समुद्री सीमा लांघने की कोशिश में पकड़े गये
दरअसल, ये पहली बार नहीं है जब गुजरात की कच्छ में भारत-पाक सीमा पर पाकिस्तानी मछुआरों को पकड़ा गया है। इससे पहले भी कई बार पाकिस्तानी मछुआरों को भारतीय सीमाक्षेत्र में घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कई बार भारतीय मछुआरों को भी इसी प्रकार पाकिस्तान में पकड़ लिया जाता है। दरअसल, मछुआरे अक्सर रात को मछली पकड़ने निकलते हैं।

समुद्र में सीमा का पता नहीं चलता। ऐसे में वे समुद्री सीमा पार कर जाते हैं और सुरक्षाबलों द्वारा पकड़ लिये जाते हैं। पाकिस्तान की तरफ से कई बार आतंकी भी इसी प्रकार घुसपैठ की कोशिश करते हैं। मुंबई हमला इसका बड़ा उदाहरण है।