द फॉलोअप डेस्क
त्रिवेंद्रम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2455 को रविवार शाम अचानक चेन्नई एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। इस फ्लाइट में कई महत्वपूर्ण सांसद यात्रा कर रहे थे, जिनमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा की पब्लिक अकाउंट्स कमेटी के चेयरमैन केसी वेणुगोपाल भी शामिल थे। एयर इंडिया ने बताया कि यह कदम विमान में तकनीकी खराबी और रास्ते में खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए उठाया गया था।
केसी वेणुगोपाल ने इस फ्लाइट को एक "भयावह सफर" बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसे एक "काफी खतरनाक अनुभव" करार दिया। उन्होंने लिखा कि यह यात्रा लगभग एक बड़ी त्रासदी में बदलने वाली थी।
दो घंटे विमान ने हवा में लगाया चक्कर
केसी वेणुगोपाल के अनुसार, उड़ान की शुरुआत में ही देरी हुई और टेकऑफ के तुरंत बाद विमान को असामान्य टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद पायलट ने फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत दिया और विमान को चेन्नई एयरपोर्ट पर डायवर्ट करने का निर्णय लिया। वेणुगोपाल ने दावा किया कि विमान करीब दो घंटे तक हवा में चक्कर लगाता रहा और पहले लैंडिंग प्रयास के दौरान रनवे पर एक अन्य विमान की जानकारी मिली। इस स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत विमान को ऊपर खींच लिया, जिससे यात्रियों की जान बच गई। दूसरे प्रयास में फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड कर पाई। वेणुगोपाल ने कहा कि "हम किस्मत और पायलट के कौशल से बच गए, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा सिर्फ किस्मत पर निर्भर नहीं होनी चाहिए।" उन्होंने इस घटना की जांच करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
Air India flight AI 2455 from Trivandrum to Delhi - carrying myself, several MPs, and hundreds of passengers - came frighteningly close to tragedy today.
— K C Venugopal (@kcvenugopalmp) August 10, 2025
What began as a delayed departure turned into a harrowing journey. Shortly after take-off, we were hit by unprecedented…
वहीं एयर इंडिया ने सांसद के दावों पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि लैंडिंग के पहले प्रयास में चेन्नई एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से गो-अराउंड का निर्देश था, जो किसी अन्य विमान के कारण नहीं था। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि पायलट ने मानक प्रक्रियाओं का पालन किया और पूरी उड़ान के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दी। एयर इंडिया ने यह भी बताया कि फ्लाइट AI2455 एक एयरबस A320 विमान था, जो रात 8 बजे त्रिवेंद्रम से रवाना हुआ और करीब 10 बजकर 35 मिनट पर चेन्नई पहुंचा। विमान की जांच की जा रही है और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
