logo

आंध्र प्रदेश में खौफनाक साजिश, पूर्व प्रेमी की पत्नी को लगाया HIV संक्रमित इंजेक्शन; चार आरोपी अरेस्ट 

arrest36.jpg

कुरनूल (आंध्र प्रदेश)
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में रिश्तों की रंजिश से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने बदले की भावना में अपने पूर्व प्रेमी की पत्नी को HIV संक्रमित इंजेक्शन लगवा दिया। इस गंभीर मामले में महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस ने बताया कि कुरनूल के एक निजी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर और आडोनी की एक युवती के बीच लंबे समय तक संबंध रहे थे। बाद में दोनों का रिश्ता टूट गया और डॉक्टर ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया। डॉक्टर की पत्नी भी एक मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।


पुलिस के मुताबिक, पूर्व प्रेमिका इस शादी को स्वीकार नहीं कर पा रही थी और दंपती को अलग करने की नीयत से उसने साजिश रची। योजना के तहत 9 जनवरी की दोपहर महिला डॉक्टर की कार को जानबूझकर टक्कर मारी गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी।
कुरनूल के डीएसपी बाबू प्रसाद ने बताया कि मदद का नाटक करते हुए आरोपियों ने महिला को जबरन ऑटो-रिक्शा में बैठाया और HIV संक्रमित इंजेक्शन लगा दिया। घटना के बाद पीड़िता के पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।


सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने पुष्टि की कि मुख्य आरोपी महिला सहित चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


 

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News