logo

चंडीगढ़ : 16 मार्च को भगत सिंह के गांव में सीएम पद की शपथ लेंगे 'भगवंत मान'

bhagwantammn.jpg

चंडीगढ़: 

आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। भगवंत मान 16 मार्च को पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पंजाब विधानसभा चुनाव में आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने परिणाम वाले दिन यानी 10 मार्च को ही एलान कर दिया था कि वो राजभवन में नहीं बल्कि नवांशहर के खतकरकलां गांव में शपथ ग्रहण करेंगे, जो स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का गांव है। भगवंत मान खुद को भगत सिंह का अनुयायी बताते हैं। 

अरविंद केजरीवाल को किया आमंत्रित
अलग-अलग स्त्रोत से मिल रही जानकारी के मुताबिक भगवंत मान ने शपथ ग्रहण समारोह में आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया है। 16 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह होना है लेकिन इससे पहले 13 मार्च को अमृतसर में भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल रोड शो करेंगे। पार्टी का कहना है कि दोनों नेता एतिहासिक जीत के लिए पंजाब की जनता का शुक्रिया अदा करेंगे। 

13 मार्च को अमृतसर में होगा रोड शो
बता दें कि शुक्रवार को भगवंत मान ने दिल्ली जाकर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। यहां भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। केजरीवाल ने भी भगत सिंह को उठाकर गले से लगा लिया। भगवंत मान ने कहा कि तमाम निजी हमलों के बाद भी पंजाब की जनता ने दिल्ली के विकास मॉडल को चुना। ईमानदार राजनीति को चुना। 

आप ने पंजाब में एतिहासिक जीत दर्ज की
गौरतलब है कि हालिया संपन्न पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने एतिहासिक जीत हासिल की। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से आप ने 92 सीटें जीतीं और प्रचंड बहुमत हासिल किया। सत्ताधारी कांग्रेस को महज 18 सीटों से संतोष करना पड़ा। किसान बिल की वजह से नाराजगी झेल रही बीजेपी को महज 2 सीटों पर जीत मिली।