logo

किसानों का भारत बंद कल, कहां क्या होगा असर; झारखंड में जेएमएम और कांग्रस का समर्थन  

farmer3.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

एमसएपी की मांग को लेकर किसानों ने कल यानी 15 फरवरी को भारत बंद की घोषणा की है। इस बाबत किसानों के प्रमुख नेता राकेश टिकैत ने मीडिया को बताया है कि कल देशभर के किसानों से खेतों पर नहीं जाने की अपील की गयी है। किसानों के साथ मजदूरों औऱ चालकों को भी काम बंद रखने का आह्वान किया गया है। कहा कि भारत बंद के माध्यम से हम केंद्र सरकार को किसानों की एकजुटता का संदेश देना चाहते हैं। कहा कि भारत बंद के दौरान हाइवे को बंद नहीं किया जायेगा। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि एमएसपी लागू करने से क्या देश का विकास रुक जायेगा। वहीं, भारत बंद को झाऱखंड में जेएमएम और कांग्रेस ने समर्थन दिया है। 

परीक्षाओं के कारण हाइवे को नहीं किया जायेगा बंद 

टिकैट ने कहा कि हम भारत बंद को आदर्श तरीके से आयिजत करना चाहते हैं। कहा कि अभी परीक्षाओं का समय है। इसे देखते हुए हाइवे को बंद से मुक्त रखा गया है। ताकि छात्र और अभिभावकों को परेशानी न हो। कहा कि आगे की रणनीति के लिए किसान आंदोलन में शामिल संगठनों की एक अहम बैठक 17 फरवरी को होगी। कहा आंदोलन के दौरान हरियाणा और पंजाब में किसानों के साथ पुलिस जिस तरह से बर्ताव कर रही है, उस पर विचार किया जायेगा। टिकैत ने आगे कहा कि कृषि कानून और एमएसपी को लेकर उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मूल रूप से इसमें ग्रामीण इलाके के किसान शामिल हैं। लेकिन अगर शहर के लोग हमारा समर्थन दें, तो उनका स्वागत किया जायेगा। 

पंजाब में किसानों ने रोकी ट्रेन 

बता दें कि किसान आंदोलन के आज चौथे दिन भी प्रदर्शन कर रहे किसानों को दिल्ली कूच नहीं करने दिया गया। इससे गुस्साये किसानों ने पंजाब में रेल रोको आंदोलन की शुरुआत कर दी है। खबर है कि दिल्ली नहीं कूच कर पाये किसान राजपुरा में रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठ गये हैं। इससे ट्रेनों का परिचालन बंद हो गया है। रेल अधिकारियों की समझाने और आरपीएफ की तैनाती के बावजूद रेलों का परिचालन शुरू नहीं किया जा सका है। वहीं, एक अन्य खबर के मुताबिक चंडीगढ़ और अंबाला के बीच बने एक टोल प्लाजा को किसानों ने फ्री कर दिया है। किसानों ने कहा है कि आंदोलनकारियों पर आंसू गैस और लाठीचार्ज के खिलाफ रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया गया है। 

भारत बंद को झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस का समर्थन 

इधर, झारखंड में कांग्रेस और जेएमएम का समर्थन किसानों के भारत बंद को मिला है। इस बाबत दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिले में बंद का समर्थन करने के लिए आदेश जारी किया गया है। वहीं रांची में भारत बंद को लेकर स्कूलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। शहर के अलग-अलग स्कूलों में पहले की तरह क्लासेज चलते रहेंगे। इस बाबत डीएवी कपिलदेव के शिक्षक आलोक इंद्रगूरू, डीएवी नीरजा सहाय के दुष्यंत कुमार, जी एंड एच हाई स्कूल के प्रिंसिपल दिलीप कुमार झा और डीएवी पुंदाग के शिक्षक आशीष जायसवाल ने बताया है कि प्रतिदिन की भांति शुक्रवार को भी पूर्व निर्धारित समय पर ही विद्यालय का संचालन होगा। स्कलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।