logo

मध्य प्रदेश : धीरेंद्र शास्त्री के जन्मदिन से पहले बागेश्वर धाम बड़ा हादसा, टेंट गिरने से 1 श्रद्धालु की मौत, 10 घायल

bageshwar_dham.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम परिसर में गुरुवार 3 जुलाई की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह की आरती के दौरान अचानक एक टेंट गिर जाने से एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई और करीब 10 लोग घायल हो गए।

यह हादसा उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में आरती में शामिल थे। तेज हवा या निर्माण में किसी खामी के कारण एक भारी टेंट अचानक भरभरा कर गिर गया, जिससे कुछ लोग उसके नीचे दब गए और वहां अफरा-तफरी मच गई। टेंट को खड़ा करने के लिए इस्तेमाल किए गए एक लोहे के रॉड से सिर में चोट लगने के कारण 50 वर्षीय श्याम लाल कौशल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। श्याम लाल कौशल अयोध्या के निवासी थे, और उनका मूल गाँव उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में था। उनके परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी उनके साथ यहां आए थे।
घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन और धाम प्रबंधन समिति ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया।

धीरेंद्र शास्त्री के जन्मदिन और गुरुपूर्णिमा के लिए सज रहा बागेश्वर धाम
बुंदेलखंड के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम पर 4 जुलाई को हजारों की संख्या में देश-विदेश के श्रद्धालु जुटने वाले हैं। दरअसल, 4 जुलाई को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जन्मदिन है और 4 जुलाई से गुरुपूर्णिमा तक धाम पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।

धाम को खूबसूरती से सजाया जा रहा है। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 1 जुलाई से 3 जुलाई तक बालाजी का दिव्य दरबार लगाएंगे। 4 जुलाई को बागेश्वर महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। गुरु पूर्णिमा और जन्मोत्सव को लेकर देश-विदेश से 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। इस आयोजन के लिए गढ़ा गांव में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंगलवार को ही श्रद्धालु धाम पर पहुंचना शुरू हो गए थे।
गुरु दीक्षा महोत्सव की तैयारियां पूरी
धाम पर 7 और 8 जुलाई को गुरुदीक्षा महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत हजारों श्रद्धालुओं और शिष्यों को गुरुमंत्र देकर दीक्षित किया जाएगा। बागेश्वर धाम जन सेवा समिति की ओर से दीक्षा आयोजन के प्रभारी चक्रेश सुल्लेरे ने बताया कि लंबे समय से गुरुदीक्षा महोत्सव की तैयारी चल रही थी। गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन भी सतर्क है, क्योंकि गढ़ा गांव में भारी भीड़ बढ़ने की संभावना है।


 

Tags - bageshwar Dham News tent demolished in bageshwar Dhan latest bageshwar Dham News Dhirendra Shastri birthday laetst Dhirendra Shastri News latest Dhirendra Shastri Updates latest News madhya Pradesh bageshwar Dham Chatarpur bageshwar Dham bageshwa