logo

बिहार : पत्रकार विमल यादव हत्याकांड का 'मुख्य शूटर' अर्जुन गिरफ्तार

Vimal_yadav_murder_case.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
बिहार के अररिया जिले के रानीगंज में 18 अगस्त को हुए पत्रकार विमल कुमार यादव हत्याकांड में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम अर्जुन शर्मा है, जो इस हत्याकांड में नामजद आरोपी है। 

विमल के छोटे भाई की हत्या का भी नामजद आरोपी है अर्जुन
अर्जुन शर्मा पत्रकार विमल कुमार यादव के छोटे भाई गब्बू की हत्या के मामले में भी नामजद आरोपी है। वह एक साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा पत्रकार विमल यादव हत्याकांड में मुख्य शूटर था। उसी ने विमल वर्मा को गोली मारी है।

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने अर्जुन शर्मा को सोमवार की देर रात भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के जोगबनी स्थित चाणक्या चौक से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रानीगंज के बेलसरा निवासी अर्जुन शर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह रानीगंज थाना कांड संख्या-134/2019 में भी आरोपी है। पत्रकार विमल कुमार यादव हत्याकांड में पहले गिरफ्तार किये गये चार आरोपियों में भरगामा थाना क्षेत्र के भरना गांव निवासी विपिन यादव, रानीगंज के बेलसरा निवासी भवेश यादव, आशीष यादव, रानीगंज के कोशिकापुर निवासी उमेश यादव शामिल हैं। पुलिस इस हत्याकांड के एक अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।


आठ लोग हैं नामजद आरोपी

पुलिस ने पत्रकार हत्याकांड में उनके पिता हरेंद्र प्रसाद सिंह के फर्द बयान पर रानीगंज थाना में प्राथमिकी (कांड संख्या-338/2023, दिनांक 18 अगस्त) भादवि की धारा 302/120(बी)/34 और सशस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत दर्ज की थी। प्राथमिकी में आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें से चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया था और अब पांचवें आरोपी अर्जुन शर्मा को पुलिस ने सोमवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे एक अन्य आरोपी माधव यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापामारी कर रही है।

जेल से रची गयी थी विमल की हत्या की साजिश
गौरतलब है कि शनिवार को अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया था कि विमल यादव की हत्या की साजिश जेल से ही रची गयी थी। सुपौल जेल में बंद अपराधी रूपेश यादव ने विमल की हत्या करने की धमकी दी थी। रूपेश यादव पत्रकार विमल को उनके भाई के हत्याकांड में गवाही देने से मना कर रहा था। विमल के भाई गब्बू की पहले हत्या हो चुकी है, जिसमें विमल एकमात्र गवाह थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N