logo

बिहार : BJP प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी बोले- मणिपुर में ‘सभी आरोपी’ गिरफ्तार हो चुके हैं, ललन सिंह को बता दीजिये

Samrat_Choudhary.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
बिहार के BJP प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मणिपुर हिंसा पर ‘अपडेट’ दिया है। कहा है कि मणिपुर हिंसा के ‘सभी आरोपियों’ को गिरफ्तार कर लिया गया है। JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह द्वारा मणिपुर में कानून व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति पर शनिवार को सवाल उठाये जाने पर सम्राट चौधरी ने यही जवाब दिया है।

यह है मामला

दरअसल, बिहार में पहले दारोगा और फिर पत्रकार की हुई हत्या के बाद BJP ने JDU को घेरा। शनिवार को JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने इसका जवाब दिया। कहा, “बिहार में अगर किसी की हत्या होती है, तो हत्यारों को पकड़ा जा रहा है। कानून व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति क्या होती है, यह मणिपुर को देखकर समझिये, जहां तीन मई से हिंसा का दौर जारी है।” ललन सिंह के इस बयान पर पलटवार करते हुए सम्राट चौधरी ने शनिवार को ही कहा, “नीतीश राज में कानून व्यवस्था खत्म हो गयी है। मणिपुर में भी सभी आरोपी गिरफ्तार हो गये हैं। उनको जानकारी नहीं है, तो जानकारी दीजिये।” 
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था खत्म हो गयी है, ऐसा हमने इसलिए कहा, क्योंकि बिहार में पुलिसवाले को मारा जा रहा है। घर में घुसकर पत्रकार को मारा जा रहा है। यह चिंता का विषय है।


यह गवाह की हत्या का मामला है
चौधरी ने कहा कि मृतक पत्रकार विमल यादव के छोटे भाई की हत्या हुई थी। उसमें वह मुख्य गवाह थे, इसलिए यह सिर्फ पत्रकार की हत्या का मामला नहीं है, यह गवाह की हत्या का मामला है। इसमें हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट को भी एक्शन लेना चाहिए। अगर आप गवाह को भी सुरक्षा नहीं दे सकते, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।


नीतीश सरकार खुद बीमार है, इसलिए उसे सब बीमार लगते हैं
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार खुद बीमार है, तो बीमार लोगों को सब बीमार ही लगते हैं। बिहार की सरकार बीमार है। बिहार के मुख्यमंत्री बीमार हैं। बिहार सरकार में जो पार्टी है, वह भी बीमार है और नीतीश जी चाहते हैं कि पूरे बिहार का सिस्टम बीमार हो जाये।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N