logo

Certificate of Excellence : साहेबगंज का ये पुलिस स्टेशन राज्य में सबसे बेहतर, देशभर में सातवें स्थान पर

AWARD1.jpeg

रांची 

साहेबगंज के मिर्जा चौकी पुलिस स्टेशन को  राज्य में सबसे बेहतर पुलिस स्टेशन चुना गया है। साथ ही इसे देशभर में सातवां स्थान मिला है। इस मौके पर आज थाना प्रभारी प्रकाश रंजन को पुलिस महानिदेशक अजय कुमार के हाथों सम्मानित किया गया। इस बाबत सम्मान समारोह का आयोजन झारखंड पुलिस मुख्यालय, रांची में किया गया। मौके पर प्रकाश रंजन को गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी Certificate of Excellence प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक, साहेबगंज एवं वर्तमान पुलिस उप-महानिरीक्षक (कार्मिक) नौशाद आलम, पूर्व पुलिस अधीक्षक,  साहेबगंज अनुरंजन किस्पोट्टा, शशि भूषण चौधरी, पुलिस निरीक्षक, साहेबगंज अंचल और प्रभात कुमार सिंह, मिर्जा चौकी थाना को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसलिए चुना गया मिर्जा पुलिस चौकी को 

गौरतलब है कि कि यह सम्मान अपराध नियंत्रण, अनुसंधान, अभियोजन, सीसीटीएनएस में अद्यतन प्रविष्टि, आम जनता से पुलिस का अच्छा संबंध, थाना कार्यालय की साफ-सफाई, थाना से संबंधित अभिलेखों की वर्तमान स्थिति, रख-रखाव, महिलाओं की शिकायतों का समय पर निराकरण के साथ ही अन्य कार्यों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। पुलिस थानों को इसके लिए सर्वेक्षण की लंबी प्रक्रिया से गुजरना होना होता है। मौके पर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि साहेबगंज जिला की मिर्जा चौकी थाना को पूरे देश में सातवां और राज्य में प्रथम स्थान लाना झारखंड पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। जिन पदाधिकारियों के कार्यों के कारण ये उपलब्धि प्राप्त हुई है, वे बधाई के पात्र हैं। बेहतर थाना का पुरस्कार मिलने से पूरे देश में झारखंड का सिर ऊंचा हुआ है। इस पुरस्कार के प्राप्त होने से राज्य के अन्य सभी थानों को उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।


आयोजन में इनकी रही भागीदारी 
सम्मान समारोह की अध्यक्षता अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक ने की। मौके पर डॉ संजय आनन्द राव लाठकर, अपर पुलिस महानिदेशक, अभियान, सुमन गुप्ता, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशिक्षण एवं आधुनिकीकरण,  मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय, अन्नेषु विजया लक्ष्मी, पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण, नौशाद आलम, पुलिस उप-महानिरीक्षक, कार्मिक, अनुरंजन किस्पोट्टा, पुलिस अधीक्षक और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


 

Trending Now