logo

Punjab : दूसरी बार विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं सीएम भगवंत मान, डॉ. गुरप्रीत कौर संग लेंगे फेरे

a1112.jpg

डेस्क: 

कॉमेडियन से राजनेता बने पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) दूसरी बार शादी करने जा रहे हैं। भगवंत मान डॉ. गुरप्रीत कौर (Dr. Gurpreet Kaur) के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। सूचना है कि भगवंत मान की शादी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) भी शिरकत करेंगे। गौरतलब है कि सीएम भगवंत मान की उम्र अभी 48 साल है।

भगवंत मान का अपनी पहली पत्नी इंदरप्रीत कौर से तलाक हो चुका है। भगवंत मान और इंदरप्रीत कौर के 2 बच्चे हैं। बच्चे अमेरिका में मां के साथ रहते हैं। 

चंडीगढ़ में होगा शादी समारोह
रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत मान का शादी समारोह चंडीगढ़ में होगा। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री औऱ आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित बहुत खास लोग शामिल होंगे। बता दें कि भगवंत मान 2014 में संगरूर लोकसभा सीट (Sangrur Lok Sabha seat) से चुनाव जीते। उस दौरान उनकी पहली पत्नी इंदरप्रीत कौर (Inderpreet Kaur) भी चुनाव प्रचार में नजर आईं।

2016 में दोनों का तलाक हो गया था। भगवंत मान ने 2019 में दोबारा संगरूर सीट से चुनाव जीता। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Elections) में भगवंत मान को आप ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया। 16 मार्च 2022 को उन्होंने सीएम पद की शपथ ली। 

स्टैंडअप कॉमेडियन थे भगवंत मान
भगवंत मान ने अपना करियर बतौर स्टैंडअप कॉमेडियन शुरू किया था। वे टीवी चैनलों में प्रसारित होने वाले बहुत सारे कॉमेडी शो में नजर आये। स्टार वन पर प्रसारित एक कॉमेडी शो में तो भगवंत मान प्रतियोगी थे और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू उसमें जज की भूमिका निभा रहे थे। बाद में अरविंद केजरीवाल के प्रभाव में आकर उन्होंने राजनीति ज्वॉइन की। लोकसभा में भी अपने चुटीले अंदाज औऱ तीखे तंज कसने की कला की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहे।