दिल्ली टीम
पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबीयत को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शनिवार को दिल्ली पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह भी मौजूद रहीं।
बता दें कि झामुमो सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की हालत इन दिनों गंभीर बनी हुई है। चिकित्सक लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री से उनकी फोन पर बात हुई है, जिसमें हेमंत सोरेन ने बताया कि गुरुजी की स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

इससे पहले भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी हेमंत सोरेन से फोन पर बात कर गुरुजी का हाल जाना था।
इधर, झारखंड में शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं हो रही हैं। झामुमो कार्यकर्ताओं और अन्य दलों के नेताओं ने पूजा-पाठ और अनुष्ठानों की शुरुआत कर दी है। 81 वर्षीय गुरुजी बीते कुछ वर्षों से बीमार चल रहे हैं। उनकी बाईपास सर्जरी हो चुकी है और पिछले एक साल से डायलिसिस भी कराया जा रहा है।
