logo

UP Elections 2022 : UP में 2 रुपये किलो गोबर खरीदेगी कांग्रेस, चुनाव से पहले किस पार्टी ने क्या-क्या वादा किया! 

congress11.jpg

लखनऊ: 

यूपी विधानसभा चुनाव (UP Vidhan Sabha Elections) के लिए पहले चरण की वोटिंग 10 फरवरी को होगी। पहले चरण के मतदान से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने वादों और घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। पिटारे में फ्री लैपटॉप, स्कूटी, शिक्षा और किसान उन्नति सब कुछ है। यहां मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच है। सपा और बीजेपी ने जहां मंगलवार को घोषणापत्र जारी किया तो वहीं कांग्रेस ने बुधवार को संकल्प पत्र जारी किया है। 

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जारी किया मेनिफेस्टो
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने यूपी चुनाव-2022 के लिए पार्टी का मेनिफेस्टो जारी किया। कांग्रेस ने अपने इस घोषणापत्र का नाम दिया है उन्नति विधान घोषणापत्र-2022। घोषणापत्र में वादा किया गया है कि यूपी में स्कूल की फीस नियंत्रित की जायेगी। शिक्षकों के 2 लाख खाली पदों को भरा जायेगा। शिक्षा मित्रों को नियमित किया जायेगा। आदिवासी और पिछड़े वर्ग के बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा दी जायेगी। प्रियंका गांधी ने ये एलान किया। 

यूपी की जनता का सुझाव लेकर जारी किया मेनिफेस्टो
प्रियंका गांधी ने कहा कि घोषणापत्र जारी करने से पहले यूपी की जनता से सुझाव लिया गया। सरकार बनने के 10 दिन के भीतर ही किसानों का कर्जा माफ किया जायेगा। बिजली का बिल माफ होगा। कोविड प्रभावित परिवारों को 25 हजार रुपया मिलेगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी सरकार सत्ता में आई तो प्रदेश में 20 लाख सरकारी नौकरी मिलेगी। 

किसी भी बीमारी के इलाज के लिए मिलेगी आर्थिक मदद
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि किसी भी बीमारी के इलाज के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जायेगी। गाय का गोबर 2 रुपये किलो खरीदा जाएगा जिसका उपयोग वर्मी कंपोस्ट बनाने में किया जायेगा।

छोटे और मझोले व्यवसाय कोविड में सबसे ज्यादा प्रभावित हुये हैं, सरकार की तरफ से इनको सहयोग नहीं मिला। प्रियंका गांधी ने कहा कि कलस्टर विकसित कर व्यवसायियों की सहायता की जायेगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि विकास प्राथमिकता है। 

किसानों के लिए ऋण मुक्ति कानून बनाएगी समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने मंगलवार को जारी अपने घोषणापत्र में कहा कि सभी किसानों को 2015 तक कर्ज मुक्त बनाया जायेगा। ऋण मुक्ति कानून बनेगा। 2 एकड़ से कम जमीन वाले लघु और सीमांत किसानों को 2 बोरी डीएपी औ 5 बोरी यूरिया मुफ्त दिया जायेगा। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, ब्याज मुक्त कर्ज, बीमा तथा पेंशन का लाभ मिलेगा। किसान आंदोलन में शहीद किसानों के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा।

शहीद किसानो की याद में स्मारक बनेगा। किसान बाजार स्थापित किया जायेगा, किसान अपनी उपज सीधे उपभोक्ता को बेचेंगे। 12वीं पास छात्रों को लैपटॉप, मैरिट में आने वाली लड़कियों को स्कूटी दी जायेगी। यूपी पुलिस में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा। 

भारतीय जनता पार्टी ने लव जिहाद कानून को लेकर किया वादा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी ने भी मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। बीजेपी ने वादा किया है कि सभी 18 मंडलों में एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन यूनिट स्थापित की जायेगी। लव जिहाद के मामले में 10 साल की जेल और 1 लाख जुर्माना। मेरठ, रामपुर, आजमगढ़, कानपुर और बहराइट में एंटी टेररिस्ट कमांडों सेंटर।

5 विश्व स्तरीय एक्जीबशन और अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर। 3 अत्याधुनिक डाटा सेंटर पार्क। 10 लाख रोजगार और स्वरोजगार का मौका। बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नत योजना। सभी गांवों में बसों की सुविधा, 2 हजार नई बसों का परिचालन। काशी, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, झांसी और प्रयागराज में मेट्रो। राजकीय आश्रम पद्दति विद्यालय की स्थापना।