द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो महिला नक्सली मारी गई हैं। इस संबंध में पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ बुधवार देर शाम अबूझमाड़ क्षेत्र में कोहकामेटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में उस समय हुई जब जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और विशेष कार्य बल (STF) की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। उन्होंने बताया कि नारायणपुर और कोंडागांव जिलों से आए DRG के जवानों ने माओवादियों के माड़ डिवीजन के वरिष्ठ कैडरों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर यह अभियान शुरू किया था। अब तक की कार्रवाई में दो महिला नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, साथ ही मौके से एक इंसास राइफल और एक 315 बोर की राइफल भी मिली है। अधिकारी ने यह भी बताया कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
