logo

संगारेड्डी की फैक्ट्री में धमाका, 12 मजदूरों की मौत; कई घायल

telangana0321.jpg

द फॉलोअप डेस्क

तेलंगाना के संगारेड्डी ज़िले के पाशमिलाराम औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक रासायनिक फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने कम से कम 12 मजदूरों की जान ले ली। हादसा सुबह लगभग 10 बजे सिगाची इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की यूनिट में हुआ, जहां फार्मा संबंधी रसायन बनाए जाते थे। धमाका इतना तेज़ था कि फैक्ट्री शेड के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ मजदूर धमाके के दबाव से करीब 100 मीटर दूर जा गिरे। पटनचेरू थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारी ने बताया कि पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।


गंभीर रूप से घायल हैं 15
हादसे में घायल 15 मजदूरों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और रेस्क्यू टीम को अंदेशा है कि कुछ मजदूर अब भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। मौके पर दमकल की 11 गाड़ियां तैनात हैं और राहत कार्य जारी है।
आसपास के इलाकों में दहशत
विस्फोट के बाद चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के निवासियों को सांस लेने में परेशानी हुई। अफरातफरी की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आस-पास के क्षेत्रों से लोगों को ऐहतियातन बाहर निकाला है। कई नजदीकी इमारतों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
फैक्ट्री में विस्फोट का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं। घटनास्थल पर भारी भीड़ और चिंता का माहौल है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News