द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर के बार्डर एरिया में बीते दिन बुधवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच भारी मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में जवानों ने 12 माओवादियों को मार गिराया है। इस दौरान डीआरजी के तीन जवान भी शहीद हो गए हैं। घटना की पुष्टि करते हुए बस्तर आईजी ने जानकारी दी और कहा कि अभी एनकाउंटर जारी है। 
बता दें कि बीजापुर पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ वाली जगह पर बड़े माओवादियों के जमा होने की खबर मिली थी। जिसके बाद बुधवार को सुबह 9 बजे के करीब एनकाउंटर स्टार्ट हुआ। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने जानकारी दी है कि इस मुठभेड़ में तीन जवान भी शहीद हो गए हैं। और दो घायलों जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
बीजापुर एसपी ने जानकारी दी कि PLGA कंपनी नंबर 2 के कमांडर और कुख्यात शीर्षस्थ माओवादी नेता DVCM मोडियामी वेल्ला इस ऑपरेशन में मारा गया है। वेल्ला पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। नक्सली कमांडर वेल्ला पिछले 15 सालों से संगठन के साथ काम कर रहा था। वह पुसनार क्षेत्र का रहने वाला था और लंबे समय से पश्चिम बस्तर डिवीजन का मुख्य संचालन का दायित्व संभाल रहा था।
मुठभेड़ स्थल से जवानों को बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि माओवादी इस क्षेत्र में एक बड़े ऑपरेशन की योजना बना रहे थे। घटनास्थल से बरामद हथियारों में LMG मशीन गन,AK-47 रायफलें,एसएलआर, INSAS रायफलें,303 रायफलें, भारी मात्रा में कारतूस, डेटोनेटर, IED और युद्ध साहित्य शामिल हैं। हालांकि पुलिस ने जानकारी दी है कि सर्च अभियान अभी भी जारी है।