logo

दिल्ली : गृहमंत्री अमित शाह ने किया नेशनल ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट का उद्घाटन, जानिए इसके बारे में

a83.jpg

डेस्क: 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नेशनल ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया। इस इंस्टीट्यूट के जरिए देशभर के आदिवासियों की संस्कृति और विरासत का संरक्षण और संवर्धन किया जाएगा। ये देशभर में आदिवासियों के बारे में शोध का प्रमुख केंद्र होगा। यहां आदिवासियों के कार्यकारी तथा विधायकी संस्थाओं के विषय में अध्ययन भी किया जायेगा। 

पीएम मोदी का विजन अस्तित्व में आया
नेशनल ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी के विजन के मुताबिक नेशनल ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट आखिरकार अस्तित्व में आया। हो सकता है कि हमें लगे कि बाकी तमाम संस्थाओं की तरह ये भी एक संस्था है लेकिन इस तरह के इंस्टीट्यूट की भूमिका राष्ट्र निर्माण में हो सकती है। कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान गृहमंत्री ने इस इंस्टीट्यूट के महत्व पर भी प्रकाश डाला। 

किस आधार पर काम करेगा ये इंस्टीट्यूट
बताया गया है कि नेशनल ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट देश के बाकी प्रतिष्ठित शैक्षिक तथा शोध संस्थानों के साथ भागीदारी करके काम करेगा ताकि अपेक्षित परिणाम मिलें। ये इंस्टीट्यूट ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट के कार्यों तथा प्रोजेक्ट्स की निगरानी करेगा। यही नहीं, इस संस्थान का जिम्मा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoEs)  और एनएफएस के कार्यों की निगरानी भी होगी। 

ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट की जिम्मेदारियां
इस संस्थान की जिम्मेदारी होगी कि वो जनजातीय मामलों से जुड़े मंत्रालय को पॉलिसी मेकिंग में जरूरी इनपुट्स दे। साथ ही राज्यों में स्टेट वेलफेयर डिपार्टमेंट को स्टडी और प्रोग्राम डिजाइनिंग में मदद करे ताकि सामाजिक-आर्थिक दृष्टिकोण से आदिवासियों की जीवनशैली में अपेक्षित सुधार लाया जा सके। ट्राइबल म्यूजियम के संचालन से संबंधित गाइडलाइन जारी करने का जिम्मा भी नेशनल ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट का होगा। ये सब एक छत के नीचे हो सकेगा जो फायदेमंद होगा।

कार्यक्रम के दौरान कौन-कौन हुआ शामिल
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा और कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई नेता और मंत्री मौजूद थे। कार्यक्रम को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित अर्जुन मुंडा और किरेन रिजिजू ने भी संबोधित किया।