द फॉलोअप डेस्क:
विजयादशमी में घूमने-फिरने के प्लान पर पानी फिर सकता है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आशंका है। चक्रवाती तूफान की वजह से ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश का पूर्वानुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच बंगाल की खाड़ी के तटीय राज्यों में बारिश हो सकती है। मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय पात्रा ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि बंगाल की खाड़ी में दबाव बन रहा है। यह दबाव बहुत जल्द गहरे दबाव और फिर 23 अक्टूबर तक तेज होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। डॉ. पात्रा ने बताया कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान है।
मछुआरों को समुद्र में जाने की मनाही
डॉ. मृत्युंजय पात्रा ने बताया कि समुद्र में ऊंची लहरें उठेगी। इस समय समुद्र में जाना सुरक्षित नहीं है। मछुआरे और जहाज समुद्र में सुरक्षित नहीं हैं। हम लगातार चेतावनी जारी कर रहे हैं कि मछुआरों को अगले 2-4 दिन तक समुद्र में जाने से बचना चाहिए। जो लोग समुद्र में गए हैं, वह लौट आएं।