logo

रांची में होने वाले वनडे में भारत की प्लेइंग-11 तय! नंबर 4 पर फंसा है पेंच

indian__.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार यानि 30 नवंबर को रांची JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इसे लेकर भारत की प्लेइंग-11 की टीम लगभग तय मानी जा रही है। नियमित कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी खिलाड़ी श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी और जसप्रीत बुमराह-मोहम्मद सिराज को आराम दिए जाने के कारण इस बार केएल राहुल की कप्तानी में टीम इंडिया एक नई प्लेइंग-11 के साथ मैदान में उतरने वाली है। 
शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में, उप-कप्तान केएल राहुल इस बार कप्तानी के साथ-साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। ओपनिंग में रोहित शर्मा के साथ युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का उतरना लगभग तय माना जा रहा है, जिससे टीम को लेफ्ट-राइट ओपनिंग कॉम्बिनेशन का फायदा होगा। इसके बाद, नंबर 3 पर अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की जगह पक्की मानी जा रही है। मध्यक्रम को लेकर कुछ असमंजस की स्थिति है, क्योंकि यहां ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा और ऋषभ पंत जैसे कई बड़े खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा है।
हालांकि, माना जा रहा है कि चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह 4 नंबर पर ऋतुराज गायकवाड़ जगह मिल सकती है, जबकि केएल राहुल नंबर 5 पर खेलने उतरेंगे। और यदि ऋषभ पंत को मौका मिलता है, तो उन्हें बतौर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर खेलना होगा।
वहीं टीम में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की मौजूदगी निश्चित है, जो स्पिन और निचले क्रम में मजबूत बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उनके जोड़ीदार के रूप में वॉशिंगटन सुंदर या नीतीश रेड्डी में से किसी एक को प्लेइंग-11 में मौका मिल सकता है। स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव खेल सकते हैं। वहीं, तेज गेंदबाजी विभाग की कमान हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह संभालेंगे। इस टीम को दक्षिण अफ्रीका से टेस्ट मैच में हुए हार का बदला लेने के लिए बेहतर आगाज करना होगा। 
 

Tags - National news national khabar national update jharkhand news cricket news JSCA news india vs south africa match one-day series ranchi news