logo

शिबू सोरेन का हाल जानने मंत्री इरफान अंसारी, संजय यादव सहित कई कांग्रेसी ने पहुंचे दिल्ली 

delhiqq.jpg


रांची 
झारखंड के वरिष्ठ नेता और आदिवासी समाज के प्रमुख चेहरा माने जाने वाले शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री संजय यादव और कांग्रेस के सह प्रभारी बेला प्रसाद शुक्रवार को देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, शिबू सोरेन की तबीयत को लेकर चिंता जताई जा रही है। इसी कारण नेताओं ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द करते हुए दिल्ली जाने का फ़ैसला लिया।
दिल्ली पहुंचने के बाद इन नेताओं ने अस्पताल जाकर शिबू सोरेन की तबीयत की जानकारी ली। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सभी नेता पारिवारिक और राजनीतिक स्तर पर लगातार संपर्क में हैं और स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।

हालत स्थिर बनी हुई है
बता दें कि दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलाजरत झामुमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं बताया गया है। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य भी गुरुजी की तबीयत को लेकर दिल्ली में ही जमे हुए हैं। मालूम हो कि रुटीन चेकअप कराने दिल्ली गए गुरुजी की तबीयत खराब होने पर उन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां वह पिछले चार दिनों से वेंटिलेटर पर हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गुरुजी की तबीयत में न कोई सुधार है और ना ही कोई इंप्रूवमेंट है। गुरुजी की तबीयत को लेकर ही हेमंत सोरेन आज रांची नहीं आ सके। वह राजधानी रांची के ऐतिहासिक रथ यात्रा में शामिल नहीं हो सके।
खड़गे से मिले इरफान 
मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि आज दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात हुई, जिसमें झारखंड आंदोलन के प्रणेता और आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि गुरुजी की स्थिति अभी नियंत्रण में है और वे होश में हैं। उनके स्वास्थ्य पर लगातार चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है और सभी लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
खड़गे ने गुरुजी की स्थिति पर लगातार नज़र बनाए रखने और प्रत्येक अपडेट से उन्हें अवगत कराते रहने को कहा है। इस मुलाक़ात के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सह प्रभारी  सिरीवेला प्रसाद और झारखंड के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी मौजूद थे। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की जनता गुरुजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रही है।


 

Tags - Irfan Ansari Sanjay Yadav Delhi Shibu Soren condition