logo

निशिकांत दुबे का आरोप- भारत में थीं TMC सांसद मोइत्रा और दुबई में खोली गयी उनकी संसदीय ID

DUBEY.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर हमला बोला है। दुबे ने मोइत्रा पर आरोप लगाया है कि जब वे भारत में थीं तब उनकी संसदीय आईडी का इस्तेमाल दुबई में किया गया। इस बाबत उन्होंने ट्वीट किया है। हालांकि ट्वीट में उन्होंने सीधे तौर पर महुआ मोइत्रा का नाम नहीं लिया है। लेकिन उन्होंने दावा किया है कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) ने ये जानकारी जांच एजेंसियों को सौंपी है। सांसद दुबे ने ट्वीट में आरोप लगाया है कि कुछ पैसे के लिए एक सांसद ने देश की सुरक्षा को गिरवी रख दिया। दुबई से संसद की आईडी खोली गयी। उस वक़्त यह सांसद भारत में ही थीं। NIC के प्लेटफार्म पर पूरी भारत सरकार है। देश के प्रधानमंत्री, वित्त विभाग और कई केंद्रीय एजेंसियां तक यहां हैं। 

 

NIC ने जांच एजेंसियों की दी जानकारी 

दुबे ने आगे सवाल किया है कि इस खुलासे के बाद, क्या अब भी टीएमसी और विपक्षियों को राजनीति करनी है। जनता इसका फैसला करेगी। NIC ने इसकी जानकारी जांच एजेंसी को दे दी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी सांसद निशिकांत दुबे टीएमसी सांसद मोइत्रा पर सवाल पूछने के बदले पैसे लेने का आरोप लगा चुके हैं। पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि कारोबारी दर्शन हीरानंदानी की तरफदारी में लोकसभा में सवाल पूछने के लिए टीएमसी सांसद मोइत्रा ने पैसे लिये हैं। उन्होंने मोइत्रा पर आरोप लगाया कि वे अक्सर प्रधानमंत्री औऱ अडानी ग्रुप की आलोचना संसद में करती रहती हैं। दुबे की शिकायतों की पड़ताल लोकसभा की एथिक्स समिति कर रही है। समिति ने दुबे को 26 अक्टूबर को सशरीर उपस्थित होकर मौखिक रूप से शिकायज दर्ज कराने का आदेश भी जारी किया है। 

सांसद महुआ मोइत्रा का जवाब 

इधर, महुआ मोइत्रा ने सांसद दुबे के आरोपों को कड़ाई से खारिज कर दिया है। संसद में मोइत्रा निशिकांत दुबे पर लगातार हमलावर होती दिखाई देती हैं। मोइत्रा ने कहा है कि उनकी लोकप्रियता और सवाल पूछने से भाजपा सांसद को परेशानी होती है। लेकिन उन्हें यानी महुआ मोइत्रा को इससे कोई परेशानी नहीं है।   

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N