logo

43 वर्षीय शख्स से शादी, 14 की उम्र में मां बनीं; अब नेशनल गेम्स में सिल्वर जीत नीतू ने रचा इतिहास

neetu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोवा में जारी 37वें राष्ट्रीय खेल में कुश्ती के 57 किलो वर्ग नीतू सरकार ने सिल्वर मेडल जीता है। रजत पदक जीतने के बाद नीतू के बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा है। आज लोग उनकी तारीफ करते थक नहीं रहे, लेकिन नीतू सरकार की यह राह आसान नहीं थी। मां-बाप ने पैसों के लिए अपनी 13 साल की नाबालिग बेटी की शादी 43 साल के शख्स से कर दी। इसके बाद 14 की उम्र में नीतू जुड़वा बच्चों की मां बनीं। बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं माना वह लड़ी और आज यह कारनामा कर दिखाया। 


सुबह साढ़े तीन बजे उठकर करती थी अभ्यास
नीतू सरकार की कहानी किसी फिल्म स्टोरी से कम नहीं है। नीतू की महज 13 साल की उम्र में अधेड़ से शादी करवा दी गई। वहां से वह किसी तरह भागने में सफल रहीं तो थोड़े ही दिनों में उनकी शादी एक बेरोजगार के साथ कर दी गई। 14 साल की उम्र में जुड़वा बच्चों की मां बन गई थी। बहुत हिम्मत करने के बाद नीतू अपने पति से पहलवान बनने की इच्छा जाहिर की। पति नहीं माना लेकिन नीतू के कई बार बोलने पर वह राजी हो गया। लेकिन पति ने शर्त रखा कि परिवार में सभी के जागने के पहले तुम्हें अपना अभ्यास पूरा करना होगा। इसके बाद वह सुबह साढ़े तीन बजे उठकर 10 किलोमीटर की दौड़ लगातीं और अभ्यास कर वापस घर के कामों में जुट जाती थीं। 


17 साल की उम्र में अखाड़े में पैर रखा 
पति बेरोजगार था तो गुजारे के लिए नीतू ने सड़कों पर टाइलें लगाईं, ब्यूटी पार्लर, दर्जी और दुकान पर क्लर्क का काम किया, लेकिन एक योग अध्यापक का उन्हें कुश्ती कोच जिले सिंह से मिलाना वरदान बन गया। कोच ने मैरी कॉम की कहानी सुनाकर उन्हें पहलवान बनाया। नीतू ने 17 साल की उम्र में अखाड़े में पैर रखा उसके बाद वह कभी नहीं मुड़ी। नीतू ने अपने मेहनत से नेशनल गेम्स तक का सफर तय किया है। बता दें कि नीतू ने राष्ट्रीय खेलों में तीसरी बार पदक जीतने में सफलता हासिल की। उन्होंने साल 2015 में कांस्य और साल 2022 में सिल्वर पर कब्जा किया था। इसके बाद एक बार फिर साल 2023 में उन्होंने रजत पर कब्जा किया है। अब उनका अगला टारगेट ओलंपिक ट्रायल का है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N