logo

दातुन तो भारत में मिलता है इंडिया में नहीं, नई बहस पर लालू का पुराना वीडियो वायरल

a32.jpeg

द फॉलोअप डेस्क: 

इंडिया बनाम भारत की नई सार्वजनिक बहस के बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो पटना में किसी टीवी चैनल को दिए गए इंटरव्यू का है। वायरल वीडियो में लालू यादव दातुन करते नजर आ रहे हैं। रिपोर्टर सवाल करता है कि आप हमेशा दातुन ही करते हैं। आप दांत साफ करने के लिए ब्रश का इस्तेमाल नहीं करते? जवाब में लालू कहते हैं कि हमको दातुन ही अच्छा लगता है। रिपोर्टर कहता है कि दातुन तो दिल्ली में नहीं मिलता होगा। लालू कहते हैं कि ई सब तो भारत में मिलता है न, इंडिया में नहीं मिलता है। इंडिया बनाम भारत के बीच यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। 

रात्रिभोज के निमंत्रण पर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, जी-20 समिट को लेकर राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा रात्रिभोज के निमंत्रण पत्र में प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा होने के बाद से नई बहस पैदा हुई है। राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि भारत सरकार आगामी विशेष सत्र में संविधान संसोधन प्रस्ताव लाकर इंडिया का नाम भारत करने जा रही है। वहीं विपक्षी दलों का कहना है कि हमारे गठबंधन का नाम इंडिया रखे जाने से सरकार असहज है और घबरा गई है। इसलिए बदलाव की यह कवायद की जा रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार इंडिया गठबंधन से घबरा गई है। इसलिए ऐसा किया जा रहा है। कांग्रेस के जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह ने भी कहा कि सरकार संविधान पर हमला कर रही है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि हमने अपने गठबंधन का नाम भारत रखा तो क्या बीजेपी उसे भी बदल देगी।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया इनकार 
गौरतलब है कि आसियान समिट को लेकर आयोजित कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में भी प्राइम मिनिस्टर ऑफ भारत लिखा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार इसे बदलना चाहती है वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऐसी किसी भी संभावना से इनकार किया है। हालांकि, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें देश के सम्मान, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का अपमान करने की आदत है। 

नया नहीं है इंडिया बनाम भारत का विवाद
हालांकि, इंडिया बनाम भारत का यह विवाद नया नहीं है। पहले भी सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक स्तरीकरण को लेकर उदाहरण स्वरूप यह बहस होती रही है। लालू प्रसाद यादव का पुराना बयान भी इसी की बानगी है। फिलहाल इस विवाद में क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग भी कूद पड़े हैं और कहा है कि टीम इंडिया को भी अब टीम भारत कहा जाना चाहिए। उन्होंने बीसीसीआई सचिव से भी अपील की है कि टीम की जर्सी में अब इंडिया की जगह भारत लिखा जाए।