logo

महाराष्ट्र : मुंबई में चार मंजिला इमारत गिरने से एक की मौत, 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

Mumbai.jpeg

डेस्क:
मुंबई में कुर्ला पूर्व के नाइक नगर में सोमवार देर रात एक चार मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि 3 लोगों की हालत नाजुक है।10 लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।मलबे में 25 लोग दब गए थे, जिनमें से 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

राहत कार्य में जुटी टीम
हादसे के बाद NDRF, BMC और मुबंई पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। BMC की अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी भिड़े ने बताया कि इमारत जर्जर हो चुकी थी। गिरने वाली इमारत पर 2013 से पहले मरम्मत और फिर इमारत को गिराने के लिए नोटिस दिए गए थे।

एकनाथ शिंदे ने मृतक के परिजनों को 5 लाख देने का किया ऐलान
शिवसेना के बाग़ी विधायक एकनाथ शिंदे ने मृतक के परिजनों को 5 लाख और घायलों को एक-एक लाख रूपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। वही महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि सभी को बचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया।

 

4 इमारतों को किया गया था नोटिस जारी
मौके पर पहुंचे महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। 4 इमारतों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन लोग फिर भी रह रहे थे। सभी को बचाना हमारी प्राथमिकता है। आसपास की दूसरी इमारतों को खाली कराने और गिराने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नोटिस जारी होने के बाद खुद इमारत को खाली कर देना चाहिए।