logo

भोपाल में बोले पीएम, मोदी यानी गारंटी; कांग्रेस पर किया तंज

वरज.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में होने वाले भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया।' बता दें 2013 से भाजपा हर 5 साल में जंबूरी मैदान पर कार्यकर्ता महाकुंभ कर रही है। BJP का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेश भर से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।  पीएम ने इस दौरान कहा कि यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है? यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला। मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जन संघ के जमाने से लेकर आज तक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है। अटल जी, कुशाभाऊ ठाकरे, कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता विजयराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, वीरेंद्र सकलेचा.. एमपी से निकले ऐसे अनेक महान व्यक्तित्व ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। इनका तप और त्याग भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है। मध्यप्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्यप्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, बुराइयां देखी नहीं हैं।

कांग्रेस की पहचान कुनीति, कुशासन और करप्शन
एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्यप्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा। लेकिन, कांग्रेस ने साधन - संपन्न मध्यप्रदेश को समर्थ युवाओं वाले मध्यप्रदेश को बीमारू बना दिया दोस्तों...। यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था नहीं देखी। यहां के युवाओं ने उस दौर की खस्ताहाल सड़कें नहीं देखीं। यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने एमपी को नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया। इसीलिए यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है। युवाओं ने चारों तरफ से विकास करता मध्यप्रदेश ही देखा है। मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी गेहूं उत्पादक राज्य के रूप में देखा है। शिक्षा के उभरते केंद्र के रूप में देखा है, इसीलिए आने वाले चुनाव बहुत अहम हैं। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, उस विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं, भटके नहीं और अटके भी नहीं। मैं कहता हूं कि जहां-जहां कांग्रेस गई है, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। क्या आपको लगता है कि मध्यप्रदेश का भी यही हाल करेंगे। मध्यप्रदेश को बचाना चाहिए कि नहीं, कांग्रेस के हाथ नहीं जाने देना चाहिए न, लूटने और तबाही नहीं करनी देनी चाहिए न...। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। क्या आप एमपी को फिर से बीमारू बनाना चाहते हो?


क्या आप एमपी के युवाओं के भविष्य को तबाह करना चाहते हो? क्या आप चाहते हैं कि एमपी के विकास का पैसा कांग्रेस नेता लूट लें? मेरे परिवार जनों कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ वो लोहा है, जो बारिश में रखे खत्म हो जाता है। अब कांग्रेस में न देखने का सामर्थ बचा है, न देश हित को समझने का, इसीलिए आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। आपको याद होगा कि कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का भी विरोध किया था। आज भारत के यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है। भारत में रिकॉर्ड डिजिटल लेन-देन हो रहे हैं। कांग्रेस को यह भी पसंद नहीं है। भाजपा आज आधुनिक सर्वे, आधुनिकतम सड़कें, चौड़े हाईवे, एक्सप्रेस-वे बना रही है, लेकिन कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें ला रही है। स्टेशन का कायाकल्प कर रही है। भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की प्रशंसा हर कोई कर रहा है, यह कांग्रेस को नहीं पच रहा।


भाजपा बुलेट ट्रेन पर काम कर रही है। इसकी भी कांग्रेस आलोचना करती है। भाजपा सरकार ने नया संसद भवन बनाया। पूरा देश इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहा है। लेकिन, कांग्रेस ने पहले दिन से ही विरोध करना शुरू कर दिया। अब भी नकारात्मकता फैला रहे हैं कांग्रेस वाले। भारत कुछ भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को पसंद नहीं आता।
आप मुझे बताएं देश का नाम रोशन हो तो आपको खुशी होती है या नहीं? देश की इज्जत बढ़े तो खुशी होती है कि नहीं, मान बढ़े तो गौरव होता है कि नहीं? आपको होता है, लेकिन कांग्रेस वालों को नहीं होता। क्योंकि, कांग्रेस न तो खुद बदलना चाहती है और न ही देश को बदलने देना चाहती है। देश समृद्धि की तरफ बढ़ने के लिए घोर परिश्रम कर रहा है। लेकिन, कांग्रेस देश को 20वीं शताब्दी में ले जाना चाहती है।


मैं मध्यप्रदेश के फर्स्ट टाइम वोटर को बताना चाहता हूं। आपके माता-पिता, दादा - दादी को अभाव में रखने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उनको मुसीबत में जीने के लिए मजबूर करने वाली कांग्रेस एक मात्र पार्टी है। आज दुनिया भारत को लेकर जो कुछ कह रही है, यह सारे गौरवपूर्ण काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का गौरवगान करने में ही जुटी रही। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया।
कांग्रेस भारत में भ्रष्ट व्यवस्था को पोषित करने में जुटी रही। इसकी राजनीति अभाव में फलफूलती है। गरीबी और मुश्किलों में फलती फूलती है। इन्होंने ऐसी व्यवसथा बनाई कि गरीब को हमेशा हाथ फैलाना पड़े। हर चीज के लिए निर्भर रहना पड़े। गरीब को तरसाकर कांग्रेस को यह जताने का अवसर मिल जाता था कि उन्होंने गरीब को कुछ दिया है। यह योजना का लाभ भी उन लोगों को देते थे, जिनसे उन्हें वोट मिलते थे।
कांग्रेस ने जानबूझकर देश को गरीब रखा। देश के लोगों को अभाव में जीने के लिए मजबूर किया। रोटी, कपड़ा, मकान में ही उलझाए रखा। मेरे युवा साथियों, जो मुश्किलें आपके माता-पिता से पहले की पीढ़ियों ने झेलीं, वो अब आपको और आपके बच्चों को न झेलनी पड़ीं, इसके लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N