logo

UP : जुमे की नमाज़ को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, धर्म गुरुओं के साथ ADG की बैठक 

namaz.jpg

डेस्क :
बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद हुई हिंसा की खबरें यूपी सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से देखने सुनने को मिली। इसके मद्देनज़र कल होने वाली जुमे की नमाज़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। शुक्रवार को होने वाली नमाज़ के लिए धर्मगुरुओं से पुलिस लगातार जनसंपर्क कर रही है। उत्तर प्रदेश के ADG (Law and order) प्रशांत कुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि इस बार ऐसी व्यवस्था की गई है,जिससे कोई भी समस्या ना हो। इस संबंध में सभी धर्मगुरुओं की ओर से अपील भी जारी की गई है। 

बरेली में होने वाले प्रदर्शन की तारीख बढ़ाई गई 
शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कल जुमे की नमाज़ के बाद बरेली में होने वाले प्रदर्शन की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई है। ADG प्रशांत कुमार के मुताबिक़ हिंसक प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस इसलिए चिंता में है क्योंकि बीते शुक्रवार नमाज के बाद अलग-अलग शहरों में मुस्लिम समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया था। 

पैगंबर मोहम्मद पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हुए कई जगहों पर प्रदर्शन 
पूर्व भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर बयान के बाद उत्तर प्रदेश ,झारखंड समेत देश के कई राज्यों से विरोध प्रदर्शनो की खबरें आई थी। कई शहरों में विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया था जिसमें प्रदर्शनकारियों ने आगजनी और पत्थरबाज़ी भी की थी। झारखंड की राजधानी रांची में विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में दो युवको की मौत हो गई थी। हालत बिगड़ने के कारण प्रशासन ने अब भी कई क्षेत्रो में धारा 144  लगा रखा है।अब तक पुलिस ने 300 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है ।