logo

कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव : 30 सितंबर को पर्चा भरेंगे शशि थरूर, पवन बंसल ने भी लिया है नामांकन फॉर्म

a2619.jpg

दिल्ली: 

राजस्थान कांग्रेस में जारी अंतर्कलह के बीच अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर चुनाव की चर्चा भी तेज है। सूचना मिल रही है कि वरिष्ठ सांसद शशि थरूर 30 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूचन मिस्त्री के मुताबिक शशि थरूर के एक प्रतिनिधि ने उन्हें इस बात की जानकारी दी है। 

चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष ने क्या बताया!
मधुसूदन मिस्त्री ने ये भी बताया है कि हमने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गाधी को कांग्रेस अध्यक्ष चुनावों के संदर्भ में अब तक के कार्यों की जानकारी दी है। तय कार्यक्रम के मुताबिक ही चुनाव होंगे। इस बीच अटकलें हैं कि पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री पवन बंसल ने भी नामांकन फॉर्म लिया है। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए किन नेताओं के बीच टक्कर होगी, इसकी तस्वीर साफ होना बाकी है। 

पवन बंसल ने किसके लिए लिया नामांकन पत्र! 
हालांकि, पवन बंसल ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की बात से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि मैं चंडीगढ़ जा रहा था, इसी बीच मैंने फॉर्म ले लिए। ये किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं है। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि हो सकता है कि उन्होंने किसी और के लिए नामांकन पत्र लिया हो। कोई भी प्रतिनिधि ऐसा कर सकता है। मधुसूदन मिस्त्री ने ये भी बताया कि पवन बंसल ने चंडीगढ़ रवाना होने से पहले 10 जनपथ स्थित आवास जाकर सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। 

17 अक्टूबर को होने वाला है अध्यक्ष पद का चुनाव
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को चुनाव होंगे। 22 सितंबर से ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अध्यक्ष पद की रेस में थे लेकिन प्रदेश में जारी ताजा सियासी घमासान में उनका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना मुश्किल लग रहा है। दरअसल, अशोक गहलोत के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की सूरत में अगले सीएम के रूप में सचिन पायलट के नाम की चर्चा थी लेकिन गहलोत गुट के कई विधायकों ने इस्तीफे की धमकी दी।