logo

सिक्किम बाढ़ : 25 शव मिले, सेना के जवानों सहित 150 लोग अब भी लापता

a214.jpeg

द फॉलोअप डेस्क:

सिक्किम के ग्लेशियर वाली ल्होनक झील में बादल फटने के बाद आई तबाही के बाद अब राहत एवं बचाव कार्य जारी है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी है। मलबे से अब तक 25 शव निकाले गए हैं। सेना के जवानों सहित कुल 150 लोग अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। बाढ़ से हुई क्षति का आकलन करने के लिए गृहमंत्री ने अंतर-मंत्रालयी टीम का गठन किया है जो बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रिपोर्ट सौंपेगी। 

गृहमंत्री ने 44.8 करोड़ के राहत पैकेज को मंजूरी दी
सिक्किम के मुख्यमंत्री ने बाढ़ में जवान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ में हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। ल्होनक झील टूटने से चुंगथांग बांध में बना हजारों करोड़ का हाइड्रो प्रोजेक्ट तबाह हो गया। केंद्र ने राज्य सरकार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। गृहमंत्री ने तत्काल 44.8 करोड़ रुपये के राहत पैकेज को मंजूरी दी है।

 

ल्होनक झील में बादल फटने से आई भारी तबाही
गौरतलब है कि 2 दिन पहले सिक्किम में ग्लेशियरी झील ल्होनक में बादल फटने से झील की 55 फीट ऊंची दीवार टूटी और उसका 66 फीसदी पानी नीचे की ओर बहा। बड़ी मात्रा में पानी के बहाव को चुंगथांग बांध बर्दाश्त नहीं कर सका और वह भी टूट गया। पलभर में उत्तरी सिक्किम के निचले इलाकों में 20 फीट तक पानी भर गया। सेना का एक कैंप पूरी तरह तबाह हो गया। घटना में सेना के कैंप से हथियार और गोला-बारूद भी बह गए हैं। सेना ने लोगों से इन्हें हाथ न लगाने की अपील की है।