द फॉलोअप डेस्क
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पासामईलरम औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक फार्मा कंपनी के रिएक्टर में हुए विस्फोट में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि लापता लोगों की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, विस्फोट के समय फैक्ट्री में 143 लोग मौजूद थे, जिनमें से 58 को बचाया जा चुका है, जबकि बाकी अभी भी लापता हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस दुखद हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
बिहार के श्रमिकों पर भी असर
बिहार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तेलंगाना की इस केमिकल फैक्ट्री दुर्घटना में बिहार के दो श्रमिकों की मौत हुई है और 16 घायल हुए हैं। इस मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा, जो बिहार से किसी फैक्ट्री दुर्घटना की जांच के लिए बनने वाली पहली कमेटी है।
श्रम मंत्री ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि मृत श्रमिकों के परिवार को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये मिलेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने भी मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
बिहार के सीएम नीतीश ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मजदूरों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए बिहार के रहने वाले मृतकों के आश्रितों को दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की। सीएम नीतीश कुमार ने नई दिल्ली के स्थानिक आयुक्त को निर्देश दिया है कि मृतकों के पार्थिव शरीर को बिहार लाने की पूरी व्यवस्था की जाए और घायलों के समुचित इलाज का भी इंतजाम किया जाए। बिहार के श्रमायुक्त राजेश भारती ने कहा कि यदि परिजन शव को लाना चाहेंगे तो विभाग उसकी पूरी व्यवस्था करेगा।
