logo

अजब-गजब : मृत बच्चे को हथिनी ने प्यार से उठाया और रोती हुई चली गई, वायरल हुआ भावुक कर देने वाला वीडियो

hathi.jpg

जलपाईगुड़ी: 

कहते हैं कि भगवान हमेशा साथ नहीं रह सकते इसलिए उन्होंने मां को बनाया। मां, लिखने में बहुत छोटा शब्द है लेकिन इसकी गहराई की थाह अभी तक कोई नहीं लगा पाया। मां संवेदना है। प्यार है। भावना है। खयाल है। प्रेम के लिए लिखे किसी भी शब्द को उठा लीजिए फिर भी मां के समकक्ष कोई खड़ा नहीं हो सकता। और हां! मां का महत्व केवल इंसानों के लिए ही नहीं होता बल्कि दुनिया के किसी भी जीव के लिए मां का महत्व समान ही होता है। मां आखिर मां ही होती है। 

 

जलपाईगुड़ी चाय बागान का वायरल वीडियो
ऊपर लिखे शब्दों को चरितार्थ करता एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक हथिनी है। हथिनी का बच्चा है जो दुनिया छोड़ चुका है और एक चाय का बागान है। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। किसी भी इंसान के अंदर यदि थोड़ी सी भी संवेदना है तो वो इस वीडियो को देख कर भावुक हुए बिना नहीं रह पाएगा। वीडियो देख हर संवेदनशील व्यक्ति की आंखे छलक जाएंगी। वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल का बताया जा रहा है। इस वीडियो में आखिर ऐसा क्या है। 

हथिनी ने प्यार से मृत बच्चे को सूंड़ में उठाया
वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित अंबारी टी एस्टेट का है। यहां विचरण के दौरान हाथी का बच्चा मर गया। नन्हें हाथी का मृत शरीर वहीं टी एस्टेट में पड़ा था। वन विभाग की टीम को सूचना दी गई तो अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वे मृत हाथी के शरीर को वहां से निकालने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उसकी मां वहीं आसपास ही घूम रही थी। इस दौरान हथिनी ऐसे चिंघाड़ रही थी मानों विलाप कर रही हो। अधिकारी भी उसका ये रूप देख पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इसी बीच हथिनी ने काफी मशक्कत कर अपने मृत बच्चे के शव को सूंड़ में लपेटा और चली गई। 

वायरल वीडियो देख भावुक हो गये लोग
हाथी के बच्चे की मौत कैसे हुई। मौत का कारण क्या है। फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। वन्यजीव अधिकारी इसकी जांच में जुटे हैं। इधऱ, हथिनी द्वारा अपने मृत बच्चे के शव को इस तरह से ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। लोग वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। भावुक मैसेज लिख रहे हैं। कह रहे हैं कि मां में संवेदना होती है चाहे वो इंसान की हो या हाथी की।