logo

लिव-इन पार्टनर की नौकरी से जलता था युवक, हत्या कर 2 दिन शव के साथ सोया 

LIVE2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 32 साल के युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान रितिका सेन (29) के रूप में हुई है। हत्या के बाद आरोपी सचिन राजपूत ने शव को चादर में लपेटकर बिस्तर पर ही छोड़ दिया और 2 रातें उसी कमरे में लाश के पास सोता रहा, जैसे कुछ हुआ ही न हो। 

रितिका एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी, जबकि सचिन बेरोजगार था। दोनों पिछले साढ़े 3 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और पिछले 9 महीनों से गायत्री नगर में किराए के मकान में साथ रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, सचिन को रितिका की नौकरी और उसके आत्मनिर्भर होने पर जलन होती थी। उसे शक था कि रितिका का अपने ऑफिस के बॉस के साथ संबंध है। 

घटना 27 जून की रात की है। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गयी। गुस्से में आकर सचिन ने रितिका का गला घोंट दिया और उसकी जान ले ली। हत्या के बाद वह शव को चादर में लपेटकर उसी कमरे में शराब पीकर सोता रहा। यह मामला तब उजागर हुआ जब आरोपी ने शराब के नशे में अपने दोस्त अनुज को हत्या की बात  बता दी। पहले तो अनुज को यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब सचिन ने बार-बार यही बात दोहराई, तो उसने 30 जून की शाम पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घर पहुंची तो वहां रितिका का शव सड़ी हालत में चादर में लिपटा हुआ मिला। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सचिन पहले से शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे हैं। वह मूल रूप से विदिशा के सिरोंज का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। 

Tags - National News National Hindi News National Latest News Madhya Pradesh News Madhya Pradesh Crime News