द फॉलोअप डेस्क
मध्य प्रदेश के छत्तरपुर से भीषण सड़क हादसे की एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर एक ट्रक ने कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, इस हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए हैं। .jpg)
हादसा होते ही स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालकों ने अपनी गाडियाँ रोककर कार के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मदद में जुट गई।
पुलिस ने जानकारी दी कि कार में सवार सभी लोग सतना से शाहगढ़ जा रहे थे। इसी क्रम में शुक्रवार की देर शाम गुलगंज थाना क्षेत्र स्थित चौपरिया मंदिर के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक आगे चल रही कार में घुस गया। हादसे के बाद आस-पास में अफरा-तफरी मच गई। वहीं स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। .jpeg)
पुलिस की टीम पहुँचने से पहले छतरपुर से सागर वापस जा रही आईजी हिमानी खन्ना घटनास्थल पर अपनी कार रोक कर स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को काबू करने में जुटी रही। उन्होंने लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकलवाया और हॉस्पिटल भिजवाया। वहीं पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। लेकिन दो थानों की पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। और मामले की तहकीकात करने में जुट गई है।