द फॉलोअप डेस्क
बिहार के 14 वर्षीय उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर पूरे देश में अपना परचम लहराया है। खेलों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार' से सम्मानित किया है। सम्मान समारोह के बाद वैभव सूर्यवंशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वैभव की खेल प्रतिभा की जमकर सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वैभव की यह उपलब्धि न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
यह पुरस्कार पांच से 18 साल तक के बच्चों को प्रदान किया जाता है जो इस उम्र के बच्चों के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह पुरस्कार वीरता, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा और खेल सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिवर्ष दिया जाता है। वैभव सूर्यवंशी को खेल श्रेणी में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।.jpeg)
बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव के भारत की अंडर-19 टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ जुड़ने और जिम्बाब्वे के लिए रवाना होने की उम्मीद जताई जा रही है, टीम आगामी अंडर-19 विश्व कप की तैयारी कर रही है जो 15 जनवरी से शुरू होने वाला है। वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा जब वह लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने। विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में उन्होंने मात्र 84 गेंदों पर 190 रन की विस्फोटक पारी खेली।