logo

गुजरात : मोरबी जिले में  कारखाने की दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत, पीएम ने जताया शोक

WhatsApp_Image_2022-05-18_at_5_10_26_AM.jpeg

डेस्क:
गुजरात के मोरबी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में हुआ है । दरअसल कारखाने की दीवार अचानक गिर गई जिससे 12 मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना करीब दोपहर 12 बजे की है। मरने वालों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं। दीवार के मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए थे। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। इनमें कईयों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।


बच्चो के मरने की भी अशंका
जानकारी के अनुसार जिस वक्त कारखाने की दीवार गिरी वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहें थे। अब ये बोला जा रहा है कि उनमें से कुछ मजदूर अपने बच्चों को लेकर आए थे जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे भी इस हादसे के शिकार हुए है।  हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जताया शोक 
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है। पीएम ने अपने ट्वीट में कहा कि  "दीवार गिरने से मोरबी में हुआ हादसा हृदय विदारक है। शोक की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ करते हैं।स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है।" पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष तहत हादसे में मारे गए लोगों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हज़ार रुपए का मुआवज़ा देने का एलान किया है। इस हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा है, "गुजरात के मोरबी में एक हादसे में 12 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मैंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जी से बात की है, प्रशासन राहत पहुंचाने में तत्परता से लगा है। घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर उन्हें उपचार दिया जा रहा है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।"