द फॉलोअप डेस्क
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मैटरनिटी फोटोशूट के दौरान पानी के पूल में गिरने से एक छोटे बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान लक्ष्मीर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार की है। आठ महीने की गर्भवती स्वाती अपने दूसरे बच्चे के जन्म से पहले वाटर पूल के किनारे फोटोशूट करा रही थीं। इसी दौरान उनका छोटा बच्चा पास में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक फिसलकर पानी से भरे पूल में गिर गया।

मौके पर मौजूद लोगों को बच्चे के पानी में गिरने की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी, जिससे उसे तुरंत मदद नहीं मिल पाई। कुछ देर बाद जब बच्चे के लापता होने का पता चला तो उसे खोजकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे का पोस्टमार्टम सरकारी अस्पताल में कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह पता लगाया जा रहा है कि फोटोशूट के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चे के पिता चरण काम के सिलसिले में विदेश में थे। उनके आज बेंगलुरु लौटने की संभावना है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
.jpeg)