द फॉलोअप डेस्क
मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई तहसील के ग्राम टीहर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 4 सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में 45 वर्षीय मनोहर लोधी, उनकी 70 साल की मां फूलरानी, 18 वर्षीय बेटी शिवानी और 16 वर्षीय बेटा अंकित शामिल हैं। यह पूरा परिवार खेत में बने एक कच्चे मकान में रहता था। शुक्रवार रात इन सभी ने सल्फास की गोलियां खा लीं। मनोहर की पत्नी कुछ दिन पहले ही मायके चली गई थीं, और उसी के बाद यह दर्दनाक घटना हुई।

पुलिस के मुताबिक, सबसे पहले फूलरानी और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी शिवानी और मनोहर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। शिवानी ने इलाज से पहले दम तोड़ दिया, जबकि मनोहर ने एम्बुलेंस में ही दम तोड़ा। मनोहर के भाई नंदराम, जो मकान के ऊपर वाले हिस्से में रहते हैं, ने तड़के लगभग 3 बजे उल्टी करने की आवाज सुनी। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी और एम्बुलेंस बुलाई। खुरई सिविल अस्पताल की डॉक्टर वर्षा केशरवानी ने बताया कि सभी ने सल्फास खाया था। जब तक मरीजों को अस्पताल लाया गया, दो की मौत हो चुकी थी और बाकी की हालत गंभीर थी। खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
