logo

भाजपा ने दी दलितों को आवाज, हर घर तक पहुंचना हमारा लक्ष्य: अमर कुमार बाउरी

3502news.jpg


द फॉलोअप टीम, रांची

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति की 22 उपजातियां हैं। पर वे अभी तक संगठित नहीं हैं। उन्‍हें संगठित करना हमारा पहला लक्ष्य होना चाहिए। आज तक राज्य गठन के बाद से किसी भी संगठन या राजनीतिक संगठन ने दलितों की आवाज बनने की कोशिश नहीं की ही है। सिर्फ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने उनकी आवाज को उठाने का काम किया है।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन समारोह

बाउरी मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के अभिनंदन सम्मान समारोह में बोल रहे थे। जिसका आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यालय के पंडित दीनदयाल सभागार में किया गया था। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र दिया गया और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई। बाउरी नेसभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

30 दिसंबर तक बना लें जिला कमेटी

मोर्चा के प्रदेश अध्‍यक्ष बाउरी बोले कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दलितों को 2 कमरों का पक्का मकान, बिजली, गैस सिलेंडर मिला है। बच्चों की पढ़ाई और परिवार के लिए स्वास्थ्य बीमा आदि सुविधा दी जा रही है। नए पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जिला स्तर तक की कमेटी 30 दिसंबर तक बना लें, ताकि आने वाले समय में मजबूती के साथ मोर्चा को आगे बढ़ाया जा सके।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे मोर्चा

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके प्रयास से ही बीजेपी के सांसद और विधायक चुने जाते हैं। ऐसे में मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा कि मोर्चा को मजबूत बनाने और पार्टी के संदेशों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएं।