द फॉलोअप टीम
झारखंड में पुलिसकर्मियों पर कोरोना भारी पड़ता दिख रहा है। अबतक 477 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये आंकड़ा शुक्रवार यानी 24 जुलाई तक का है। पुलिस मुख्यालंय ने इस संबंध में एक लिस्ट जारी है। लिस्ट के मुताबिक जो पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं उनमें अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के 01 पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक स्तर के 01 पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक स्तर के- 05 पदाधिकारी, पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के- 41 पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक के स्तर के- 51 पदाधिकारी एवं आशु0 स0अ0नि0 स्तर के- 04 पदाधिकारी,अवर सचिव 01, प्रधान लिपिक 01, हवलदार- 36, आरक्षी/चालक- 265, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी-17 एवं गृहरक्षक-15 हैं। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक अब-तक कुल 39 पुलिसकर्मी स्वस्थ होकर अपने-अपने घरों को लौट चुके हैं।
न्यूरो सर्जन सीबी सहाय भी पॉजिटिव
रांची के जाने माने न्यूरो सर्जन सीबी सहाय को भी कोरोना हो गया है। वो रिम्स से लगातार सेवा दे रहे थे। उनसे इलाज कराने के लिए बिहार और बंगाल से भी लोग आते थे। कुल मिलाकर रोजाना झारखंड में 500 के आसपास केस आ रहे हैं। अबतक साढे 7 हजार के आसपास कोरोना मरीजों की संख्या पहुंच गई है। खास तौर पर राजधानी रांची में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। यहां 200 के आसपास मरीजों की संख्या रोजाना सामने आ रही है।
मंत्री और विधायक भी कोरोना से ग्रसित
पुलिसकर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में राजनेता भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। 7 जुलाई को मंत्री मिथिलेश ठाकुर और उनकी बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दोनों को इसी बुधवार को रिम्स से डिस्चार्ज किया गया है। इनके अलावा टुंडी विधायक मथुरा महतो का जमशेदपुर के TMH में इलाज चल रहा है। जबकि रांची के बीजेपी विधायक सीपी सिंह भी शुक्रवार को संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है।