logo

सांसद संजय सेठ ने सीएम को लिखा पत्र, कहा- लव जिहाद के खिलाफ राज्य में बने कठोर कानून

2770news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
रांची के सांसद संजय सेठ ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लव जिहाद पर कठोर कानून बनाने की पुरजोर वकालत की है। इस संबंध में सांसद ने सीएम को पत्र लिखकर लव जिहाद के बढ़ते मामले पर ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने लिखे पत्र में कहा है कि अब तक झारखंड की हजारों बहनें व बेटियां इसकी शिकार हो चुकी हैं। ऐसे कई मामले हर महीने हम देखते हैं। यह कोई छोटा मामला नहीं है, बल्कि यह समस्या अब सामाजिक कोढ़ बनती जा रही है।

'कई मामले पुलिस के सामने नहीं आते'
उन्होंने कहा है कि लव जिहाद निश्चित रूप से सभ्य समाज के लिए बहुत ही घृणित कार्य है। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में झारखंड में इस तरह के हजारों मामले सामने आए हैं। कई मामलों में पुलिस केस दर्ज हुआ और कई मामले पुलिस के सामने नहीं आ सके। इस प्रकरण में सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि अपना नाम और अपनी पहचान छुपा कर बहनों-बेटियों के साथ विवाह किया जाता है और बाद में उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता है। 

ये भी पढ़ें.......

'बेटियों के भविष्य को सुरक्षित रखना जरूरी'
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि जमशेदपुर, हजारीबाग, चतरा, रांची, दुमका, गिरिडीह, धनबाद सहित झारखंड के लगभग प्रत्येक जिले में ऐसे मामले देखने को मिलते हैं। इस मामले में यह आवश्यक है कि सरकारी स्तर पर कड़े कानूनी प्रावधान बनाए जाएं, ताकि हमारी बहन-बेटियां और उनका भविष्य दोनों सुरक्षित हो सके। सांसद ने इस मामले में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सरकारों का हवाला देते हुए कड़े कानून बनाने की वकालत की है।