logo

दिल्ली में लॉकडाउन पर संशय की स्थिति, हाईकोर्ट का छठ पर रोक बरकरार, वेडिंग मार्केट पर पड़ेगा असर

2597news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली
दिल्ली में दोबारा से लॉकडाउन नहीं लगेगा। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसके संकेत दिए थे। हालांकि, बुधवार को डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमारा लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है। उधर, उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली में होनेवाली शादियों में मेहमानों की संख्या 200 की जगह सिर्फ 50 रखने के केजरीवाल सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह पाबंदी कितने दिनों के लिए होगी, यह साफ नहीं है। हालांकि, इससे दिल्ली के वेडिंग मार्केट पर असर पड़ सकता है। 

हाईकोर्ट का छठ पर रोक का फैसला बरकरार
दिल्ली हाईकोर्ट ने सार्वजनिक तौर पर छठ पूजा पर रोक लगाने के केजरीवाल सरकार के फैसले को बरकरार रखा है। श्रीदुर्गा जनसेवा ट्रस्ट ने 20 नवंबर को सार्वजनिक छठ पूजा की इजाजत मांगी थी। इस पर हाईकोर्ट ने कहा, लगता है कि पिटीशनर कोरोना के हालात से वाकिफ नहीं हैं। उन्हें शहर के किसी भी हिस्से में छठ पूजा कार्यक्रम करने की इजाजत नहीं दी जा सकती क्योंकि बड़े आयोजन सुपर स्प्रेडर बन सकते हैं।

छठ पर प्रतिबंध के बाद राजनीति
दिल्ली में सार्वजनिक छठ पूजा पर प्रतिबंध लगाने के दिल्ली सरकार के फैसले पर राजनीति भी हो रही है। इस मुद्दे पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी तल्ख हो गए। उन्होंने केजरीवाल को ‘नमकहराम’ तक कह दिया।

केंद्र को प्रस्ताव भेजने की तैयारी
एक दिन पहले सीएम केजरीवाल ने कहा था कि यदि बाजारों में मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और वह जगह कोरोना हॉट स्पॉट बन सकती है तो ऐसे बाजारों को कुछ दिनों के लिए बंद करने की इजाजत मिलनी चाहिए। केंद्र को ऐसा प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इसके ये मायने निकाले गए कि दिल्ली में बाजारों के लिए लॉकडाउन लग सकता है।

वेडिंग मार्केट पर असर पड़ेगा
जब कोरोना के हालात सामान्य हो गए थे, तो दिल्ली में शादियों में 50 की बजाय 200 लोगों के शामिल होने की छूट दी गई थी। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने शादियों में शामिल होनेवाले लोगों की संख्या 50 तक सीमित रखने का प्रस्ताव उपराज्यपाल को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है।

ये भी पढ़ें......

दिल्ली में 4 हजार शादियां
इस साल नवंबर-दिसंबर में शादियों के 7 बड़े मुहूर्त हैं। इस दौरान दिल्ली में करीब 4 हजार शादियां होनेवाली हैं। कई लोग जो लॉकडाउन के दौरान शादियां नहीं कर पाए थे, उन्होंने नवंबर-दिसंबर में इसकी प्लानिंग कर रखी है। 25 नवंबर को देवउठनी एकादशी के दिन से शादियों का सीजन शुरू होगा। जिन घरों में नवंबर में शादियां हैं, वो मेहमानों को बुलाने की 200 लोगों की लिमिट को देखते हुए इनविटेशन कार्ड छपवाकर बांटना शुरू कर चुके हैं। अगर बाजार बंद होते हैं और शादियों में मेहमानों की संख्या कम की जाती है तो इस पर असर पड़ेगा।