द फॉलोअप टीम, गोड्डा
झारखंड में इन दिनों लॉकडाउन के बीच भी अपराध चरम पर है। आए दिन किसी न किसी को अपराधी अपनी गोलियों का निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला गोड्डा के महागामा का है। यहां के नयानगर गांव में मछली कारोबारी 60 वर्षीय मो जमालुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अपराधियों ने उसके सीने, पेट और सर पर गोली मारी है और इस बात की तसल्ली हो जाने पर कि वो अब जिंदा नहीं बचा है। अपराधी मौके से फरार हो गए।
खाना खिलाकर लौट गई थी बड़ी बहन
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात ही अपराधियों ने जमालुद्दीन को मौत के घाट उतार दिया था। उसकी लाश गुरुवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे के आसपास नयानगर स्थित उसकी झोपड़ीनुमा दुकान से बरामद की है। मोहम्मद जमालुद्दीन यहीं से मछली का व्यवसाय करता है। पुलिस के मुताबिक हर दिन जमालुद्दीन की बड़ी बहन मुन्नी खाना खिलाकर घर जाती थी। जिस स्थान पर जमालुद्दीन की हत्या हुई वो जगह घर से कुछ दूरी पर ही है। जमालुद्दीन उसी झोपड़ीनुमा दुकान में रहकर व्यवसाय चलाता था। घटना की रात बुधवार को भी बहन मुन्नी खाना खिलाकर घर चली गयी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मुन्नी के जाने के बाद अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस ने मौके से प्वाइंट टू का एक खोखा बरामद किया है।
रात 1 बजे आया था फोन
सीमावर्ती बिहार और महागामा के आसपास के तालाबों में मृतक जमालुद्दीन मछली एवं मछली बीज डालने का कारोबारी करता था। वो मछुआ समिति नयानगर का सदस्य भी था। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि रात के करीब 1 बजे जमालुद्दीन के मोबाइल पर अननॉन नंबर से कॉल आया था। जमालुद्दीन के साथ उस फोन करने वाले से एक मिनट और कुछ सेकेंड की बातचीत होने की भी जानकारी मिली है। मृतक के मोबाइल को पुलिस ने परिजनों से जब्त कर लिया है और इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि आखिर किसने उसे कॉल किया था और क्या इस हत्या से उसका कोई संबध है। पुलिस की माने तो बहुत जल्द सारी सच्चाई बेपर्दा हो जाएगी।