द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड में पिछले कुछ दिनों में जांच में तेजी आई है। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या में भी इजाफा देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के राज्य में 2 हजार 64 नए मरीज मिले हैं। इनमें से सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 951 मामले राजधानी रांची में सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 43 हजार 833 हो गयी है। मंगलवार को 10 संक्रमितों की मौत भी हुई है। इस तरह से कोरोना वायरस से मरनेवालों की संख्या बढ़कर 428 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 969 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इसके साथ ही राज्य में 28 हजार 149 संक्रमित स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। फिलहाल राज्य में कोरोना के 15 हजार 256 एक्टिव केस हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ मरीज घरों में भी आइसोलेट हैं।
4 हजार 36 एक्टिव केस रांची में
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में सबसे ज्यादा एक्टिव केस राजधानी रांची में हैं। एक सितंबर तक राज्य में कोरोना के कुल 15 हजार 256 सक्रिय मामलों में से 4 हजार 36 अकेले रांची में हैं। यानी राज्य के कुल एक्टिव केस का 26.46 फीसदी रांची में है। दूसरे स्थान पर पूर्वी सिंहभूम है, जहां कोरोना के कुल 2,688 एक्टिव केस हैं। यह राज्य के कुल एक्टिव केस का 17.62 फीसदी है। मंगलवार को रांची में टेस्ट ड्राइव चलाकर 8 हजार 943 सैंपलों की जांच की गयी। इनमें से 951 लोग संक्रमित मिले। रांची में भर्ती 60 संक्रमित इस दौरान स्वस्थ भी हुए हैं।
बोकारो से 203 नए कोरोना संक्रमित
रांची के अलावा बोकारो से 203, चतरा से 15, देवघर से 31, धनबाद से 32, दुमका से 18, पूर्वी सिंहभूम से 244, गढ़वा से 19, गिरिडीह से 155, गोड्डा से पांच, गुमला से 25, हजारीबाग से 70, जामताड़ा से 22, खूंटी से 39, कोडरमा से 10, लातेहार से तीन, लोहरदगा से छह, पाकुड़ से 10, पलामू से 31, रामगढ़ से 70, साहिबगंज से 13, सरायकेला से 48, पश्चिमी सिंहभूम से 33 और सिमडेगा से 11 नये संक्रमित मिले हैं।
969 संक्रमित अस्पताल से डिस्चार्ज
झारखंड में मंगलवार को 969 लोग ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज किए गए हैं। इनमें बोकारो से 49, चतरा से 10, देवघर से 38, धनबाद से 58, दुमका से पांच, पूर्वी सिंहभूम से 116, गढ़वा से 32, गोड्डा से 17, गिरिडीह से 194, गुमला से छह, हजारीबाग से 31, जामताड़ा से 15, खूंटी से चार, कोडरमा से 37, लातेहार से 16, लोहरदगा से 45, पलामू से 58, रामगढ़ से 38, रांची से 60, सरायकेला से 60, पश्चिमी सिंहभूम से 73 व सिमडेगा से 7 कोरोना संक्रमित हैं।
अबतक 3 मंत्री, 11 विधायक संक्रमित
झारखंड में अबतक 3 मंत्री और 11 विधायक कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से दो मंत्री मिथिलेश ठाकुर और बन्ना गुप्ता रिकवर होकर काम पर लौट चुके हैं। जबकि कृषि मंत्री बादल पत्रलेख अभी होम आइसोलेट हैं। जयप्रकाश भाई पटेल हजरीबाग के आरोग्यम अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। अंबा प्रसाद रिम्स में भर्ती हुई हैं।