logo

कोरोना ने छीनी खुशियां! 14 मई को होनी थी शादी पर बिगड़ी लड़की की तबीयत, अगले दिन हो गयी मौत

8512news.jpg
द फॉलोअप टीम, पलामू: 
जहां शादी का शहनाइयां बजने वाली थी वहां मौत का मातम है। जिसकी डोली उठने वाली थी उसकी अर्थी उठी। जिसने भी ये नजारा देखा उसका कलेजा फट गया। केवल वो परिवार ही नहीं बल्कि पूरा गांव एक प्यारी सी लड़की की मौत से स्तब्ध है। लड़की की मौत कोरोना की वजह से हो गयी। ये घटना पलामू जिला स्थित पांकी के लोहरसी पगार की है। यहां एक 22 वर्षीय युवती की मौत हो गयी। 

कोरोना संक्रमित हो गयी थी आरती
मृतका का नाम आरती है। आरती भोलू शर्मा की बेटी थी। आरती की शादी मेदिनीनगर में रहने वाले एक युवक से तय की गयी थी। 14 मई को उसकी शादी होने वाली थी। वर और वधू पक्ष शादी की तैयारियों में जुटा था। शादी का कार्ड छप चुका था। जरूरी सामान की खरीददारी हो रही थी। इस बीच आरती की तबीयत बिगड़ गयी। उसको बुखार था। टेस्ट करवाया गया। रिपोर्ट निगेटिव आई। बुखार कम नहीं हुआ। हालत बिगड़ती गयी। 10 मई को दोबारा कोरोना जांच करवाया गया। इसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीटी स्कैन से पता चला कि आरती का फेफड़ा काफी संक्रमित हो चुका था। 

पीएमसीएच इलाज के दौरान हुई मौत
आरती की हालत बिगड़ती जा रही थी। तेज बुखार था। सांस लेने में काफी मुश्किल आ रही थी। आरती को एमएमसीएच के कोविड वार्ड में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। हालांकि उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। परिवार ने बीमारी की वजह से शादी की तारीख भी आगे बढ़ा दी थी। 15 मई को आरती की मौत हो गयी। आरती की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी मातम पसरा था।