द फॉलोअप टीम, रांची
मंगलवार को झारखंड में 2682 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। संख्या के लिहाज से ये काफी ज्यादा है, क्योंकि अबतक 2 हजार से कम संक्रमित हर रोज मिल रहे थे, लेकिन आपको बता दें कि संख्या में इजाफा इसलिए हुआ है, क्योंकि मंगलवार को 84 हजार 398 टेस्ट भी किए गए हैं। कुल 3.17 प्रतिशत की दर से मरीज मिले हैं। दरअसल प्रदेश के 10 जिलों में स्पेशल टेस्ट ड्राइव चलाया गया था। इस दौरान 12 मरीजों की मौत भी हुई है। राज्य में अबतक 494 संक्रमितों अपनी जान इस वायरस से गंवा चुके हैं। 2652 लोग इस दौरान स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य भर की बात करें तो अबतक 54 हजार 502 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। राहत की बात ये है कि इनमें से 39 हजार 134 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट भी चुके हैं। फिलहाल प्रदेश में एक्टिव केस 14 हजार 874 है।
सबसे ज्यादा पूर्वी सिंहभूम में मिले 475 केस
2682 नए संक्रमितों में सबसे ज्यादा पूर्वी सिंहभूम में 475, धनबाद में 192, कोडरमा में 294, रामगढ़ में 165, सरायकेला में 248, हजारीबाग में 210, बोकारो में 335, प. सिंहभूम में 127, देवघर में 30, सिमडेगा में 127, दुमका से 17, गढ़वा से 15, गिरिडीह से 35, गोड्डा से 10, गुमला से 11, जामताड़ा से चार, खूंटी से 81, लातेहार से 17, लोहरदगा से तीन, पलामू से 29, पाकुड़ से 10, रांची से 210, साहिबगंज से सात पॉजिटिव सामने आए हैं।
2652 मरीज स्वस्थ होकर लौटे घर
इन दिनों देखा जा रहा है कि जितने नए संक्रमित मिल रहे हैं, कमोबेश उतने ही रिकवर भी हो रहे हैं। मंगलवार को भी 2652 मरीज रिकवर होकर घर लौटे हैं। इनमें सबसे ज्यादा रांची से 622, बोकारो से 65, चतरा से 33, धनबाद से 54,दुमका से एक, देवघर से 30, पूर्वी सिंहभूम से 204, गिरिडीह से 78, गढ़वा से 65, गोड्डा से 11, गुमला से 16, जामताड़ा से 29, खूंटी से 37,कोडरमा से 24,लातेहार व लोहरदगा से 29-29, पाकुड़ से 38, पलामू से 84,रामगढ़ से 52, साहिबगंज से 15, सरायकेला से 45, सिमडेगा से 12, प सिंहभूम से 111 मरीज हैं।
आज रांची में 9 जगहों पर जांच
स्पेशल ड्राइव के तहत राजधानी रांची की 9 जगहों पर आज कोरोना की जांच की जाएगी। जिला प्रशासन ने 15 हजार लोगों की जांच का लक्ष्य रखा है। जिन जगहों पर जांच होगी वो हैं पंडरा बाजार समिति, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, खादगढ़ा बस स्टैंड, झारखंड स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, कोकर इंडस्ट्रियल एरिया, मिडिल ब्वॉयज स्कूल बेड़ो, मुरी झारखंड बंगाल चेकपोस्ट सिल्ली, डीएवी स्कूल खलारी व ब्लॉक ऑफिस रातू।कैंप सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लगेगा। जिला प्रशासन ने अपील की है ज्यादा से ज्यादा लोग आकर इन शिविरों में अपनी कोरोना की जांच कराएं।
झारखंड में कम हुआ कोरोना
झारखंड में टेस्ट के अनुपात में संक्रमण की दर कम हो रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक माह के आंकड़ों को देखें, तो पता चलेगा कि कोरोना संक्रमण का ग्राफ गिरा है। अगस्त के पहले सप्ताह में जहां संक्रमितों के मिलने की दर 11.28% थी, वह घटकर 3.62% हो गयी है। हालांकि इस दौरान टेस्ट ज्यादा हुए और केस भी ज्यादा मिले हैं। दो से नौ अगस्त के बीच कुल 47627 सैंपल की जांच हुई थी। इनमें 5 हजार 373 पॉजिटिव मिले थे, जो कुल टेस्ट का 11.28 प्रतिशत है। वहीं 31 अगस्त से छह सितंबर के बीच एक सप्ताह में ही तीन लाख 49 हजार 213 सैंपल की जांच हुई और 12 हजार 629 पॉजिटिव मिले, जो कुल टेस्ट का 3.62% है। यानी ये कहना सही होगा कि संक्रमण की दर घटी है।
रिकवरी रेट भी दोगुना हुआ
झारखंड में रिकवरी रेट भी दोगुना हो गया है। दो से नौ अगस्त के बीच रिकवरी रेट 36 प्रतिशत था। वह 31 अगस्त से छह सितंबर के बीच बढ़कर 71 प्रतिशत हो गया है। जिलों के अनुसार, सबसे कम सरायकेला में 52 प्रतिशत और देवघर सबसे अधिक 89 प्रतिशत है। राजधानी रांची में 66 प्रतिशत और जमशेदपुर में 70 फीसदी है।
रांची, जमशेदपुर में संक्रमण दर ज्यादा
पूरे झारखंड की बात करें तो संक्रमण दर कम हुई है, लेकिन रांची और जमशेदपुर में संक्रमण दर अभी भी 10 प्रतिशत से अधिक है। रांची में दो से नौ अगस्त के बीच यह 20.31% थी, जो सितंबर के पहले सप्ताह में 15.69% हो गयी है। जमशेदपुर में यह दर 15.34% से घटकर 13.67 प्रतिशत हुई है। जबकि लातेहार, गिरिडीह, सिमडेगा, साहिबगंज, खूंटी,गढ़वा, गुमला, देवघर व चतरा में दो फीसदी संक्रमण की दर है और जामताड़ा, दुमका, गोड्डा व पाकुड़ में 100 जांच में केवल एक पॉजिटिव निकल रहे हैं।