द फॉलोअप टीम, डेस्क:
फिलिपींस में भीषण विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक यहां दक्षिणी फिलीपींस में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें अब तक कम से कम 29 लोगों के मारे जाने की सूचना है। हादसे में 50 लोग घायल हुए हैं। विमान में सवार 17 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश जारी है। विमान के जलते हुए मलबे से अब तक दर्जनों लोगो को निकाला जा चुका है। रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है।
सेना प्रमुख ने की दुर्घटना की पुष्टि
फिलीपींस के सेना प्रमुख ने इस सैन्य विमान दुर्घटना की पुष्टि की। सेना प्रमुख जनरल सिरिलिटो सोबेजाना ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि सी-130 विमान सुलि प्रांत के जोलो द्वीप पर लैंड करने की कोशिश में दुर्घटना का शिकार हो गया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर राहत और बचावकर्मी मौजूद हैं। पूरा देश पीड़ितों के लिए प्रार्थना कर रहा है। हमारी यही कोशिश है कि हम ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचा सकें। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
लैंडिंग के प्रयास में फिसला विमान
अलग-अलग स्त्रोतों से मिल रही जानकारी के मुताबिक विमान रनवे पर लैंडिंग के प्रयास में फिसल गया। विमान को संभालने की तमाम कोशिश नाकामयाब रही। फिलिपींस की स्थानीय मीडिया में आ रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि दुर्घटना वाली जगह पर इमारतों के ऊपर से धुएं का गुब्बार दिख रहा है। मध्य फिलिपींस में इस वक्त तेज बारिश हो रही है लेकिन फिलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि हादसे की वजह खराब मौसम है या तकनीकी खराबी। बताया जाता है कि सुलु के मुख्य शहर जोलो में हवाई अड्डा एक पहाड़ी से कुछ किमी की दूरी पर मौजूद है। यहां सेना अबू सय्यफ नाम के आतंकी संगठन के खिलाफ जंग लड़ रही है।
घटना के कारणों की जांच जारी है
स्थानीय समाचार एजेंसियों के जरिए मिल रही जानकारी के मुताबिक इस विमान में सवार अधिकांश यात्रियों ने हाल ही में सैन्य प्रशिक्षण में स्नातक की डिग्री ली थी। उनको मुस्लिम बहुल अशांत इलाके में आतंकियों के खिलाफ लड़ने वाले एक टास्क फोर्स के रूप में तैनात होने के लिए रवाना किया गया था। कहा जाता है कि दक्षिणी फिलिपींस के कुछ इलाकों में कई चरमपंथी गुट सक्रिय हैं। वहां अक्सर शांति भंग होने की आशंका रहती है इसलिए वहां सेना की तैनाती की जाती है। अभी कहा जा रहा है कि घायलों की स्थिति को देख कर मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।