द फॉलोअप टीम, पटना:
10 माह का अयांश SMA (स्पाइनल मस्कुलर एस्ट्राफी) बीमारी से पीड़ित है। जीन्स से होने वाली इस बीमारी का इलाज 16 करोड़ के इंजेक्शन के एक डोज से संभव है। मासूम को बचाने के लिए पटना के 500 से अधिक युवा सड़क पर भीख मांगेंगे। रविवार को वह पटना के अलग-अलग चौक चौराहों और मोहल्लों में लोगों से आर्थिक मदद मांगेंगे। कोरोना काल में सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाली युवाओं की संस्था बीइिंग हेल्पर फाउंडेशन अयांश को बचाने में जुट गई है।
संस्था के वॉलंटियर्स की योजना है कि वह अयांश को बचाने के लिए मदद की भीख मांगेंगे। बीइिंग हेल्पर फाउंडेशन के सनी सिंह राठौर का कहना है कि अयांश का दर्द देखा नहीं जा रहा है। अयांश का इलाज 16 करोड़ के इंजेक्शन से संभव है। लेकिन परिवार के पास पैसा नहीं है। इस कारण से संस्था के वालंटियरों ने निर्णय लिया है कि अब भीख मांग कर अयांश के इंजेक्शन के लिए पैसा जुटाया जाएगा। उम्मीद है कि लोग सहायता करेंगे।
बढ़ रहे मदद के लिए हाथ
महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे और वाईपीएल के संयोजक सुधीर सिंह की टीम के सदस्यों ने अयांश के इलाज के आर्थिक मदद की है। परिजनों को आश्वासन मिला कि जल्द ही और बड़ी राशि दी जाएगी। सुधीर सिंह ने अयांश के परिजनों को सहयोग करने का वादा किया। इसके पहले इंटरनेशनल ब्रावो फार्मा के MD मोतिहारी के रहने वाले राकेश पांडेय ने गुरुवार को अयांश के नाम 5 लाख का चेक दिया। पूर्व विधायक राजन तिवारी ने भी सहयोग किया है। सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाया जा रहा है। पॉलिटीशियन और बिजनेसमैन भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं। कई स्वयं सेवी संस्थाएं चंदा इकट्ठा कर रही है।
विधानसभा में उठा मामला
विधानसभा में भी यह मामला उठाया है। केंद्र से मदद की गुहार लगाई जा रही है। लोजपा ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। अयांश के माता पिता ने भी PM से मदद मांगी है। परिजनों का कहना है कि मदद से ही अयांश की जिंदगी बच पाएगी। बिहार में मुहिम चल पड़ी है अयांश को बचाने के लिए अब केंद्र सरकार से मदद की जरूरत है जिससे अयांश की जिंदगी बच जाए।
अयांश की मां की गुहार
नेहा सिंह जो की अयांश की मां हैं उन्होंने कहा अयांश की जिंदगी आप लोगों के हाथ में है। आपकी मदद से ही उसकी जान बच जाएगी । नहीं तो वह 2 साल के अंदर ही इस दुनिया से चला जाएगा। इस बीमारी का इलाज 16 करोड़ के इंजेक्शन के एक डोज से संभव है। अयांश के लिए हम बिहार के हर घर से बच्चे की जिंदगी के लिए मदद मांग रहे है। बच्चे के पिता आलोक कुमार सिंह अपील कर रहे हें कि लोग थोड़ा थोड़ सहयोग कर दें तो उनका अयांश बच जाएगा।