द फॉलोअप टीम, डेस्क:
म्यांमार में हालात बेकाबू हो गये हैं। सैन्य तख्तापलट के बाद लगातार खूनी संघर्ष जारी है। शनिवार को यहां आर्म्ड फोर्सेज डे के दिन सुरक्षाबलों और आम नागरिकों के बीच कई स्थानों पर झड़प हुई। सुरक्षाबलों की तरफ से फायरिंग में कम से कम 60 आम नागरिकों की जान चली गयी। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि हिंसा में मारे गये लोगों की संख्या 90 से ज्यादा भी हो सकती है।
सुरक्षाबल के जवान निहत्थे लोगों को मार रहे हैं!
म्यामांर स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि म्यांमार में सुरक्षाबलों द्वारा की जा रही दमनात्मक कार्रवाई अपने चरम पर है। सुरक्षाबल के जवान निहत्थे आम नागरिकों की हत्या कर रहे हैं। देश में जारी खूनी हिंसा के बीच सेना प्रमुख मिन आंग लाइंग ने नेशनल टेलीविजन पर कहा कि वे लोकतंत्र की स्थापना करेंगे। उन्होंने ये भी वादा किया है कि वे देश में चुनाव कराएंगे। सवाल यही है कि आखिर इस खूनी हिंसा के बीच लोकतंत्र की स्थापना कैसे होगी। सेना जब आम नागरिकों को इतनी बेरहमी से मार रही है तो निष्पक्ष चुनाव कैसे करायेगी।
म्यांमार में फरवरी माह में हुआ सैन्य तख्तापलट
बता दें कि म्यामांर में इसी साल फरवरी माह में सैन्य तख्तापलट हो गया था। राष्ट्रपति आंग सान सू की सहित पूरे मंत्रिमंडल को बर्खास्त कर दिया गया। राष्ट्रपति आंग सान सू की सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। सैना प्रमुख मिन आंग लाइंग ने सत्ता अपने हाथ में ले ली है। सुरक्षाबल टैंको के साथ सड़क पर तैनात हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि सेना विरोधी प्रदर्शनों में अब तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी टेलीविजन में खुलेआम ये कहा जा रहा है कि यदि नागरिक पिछली घटनाओं से सबक नहीं लेते और सड़क पर विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने के लिये उतरते हैं तो उन्हें भी सिर में या पीठ में गोली मारी जा सकती है।
सुरक्षाबल के जवानों ने मासूम बच्चों को नहीं बख्शा
हैरानी की बात है कि सेना किसी को भी नहीं बख्श रही है। बच्चे, बुजुर्ग, महिला और पुरुष सभी सुरक्षाबलों की गोलियों का शिकार हुये हैं। फरवरी माह में बच्चों को पीछे कर सुरक्षाबल के बंदूकों के सामने खड़ी नर्स और महज 14 साल की बच्ची की तस्वीर वायरल हो चुकी है जिसकी टीशर्ट पर लिखा था, सब ठीक हो जायेगा। इस बच्ची को सिर में गोली मार दी गयी थी।