द फॉलोअप टीम, मुंबई:
आईपीएल शुरू होने में महज सात दिन का वक्त बचा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 8 ग्राउंड स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। 8 ग्राउंड स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद आईपीएल के 14वें सीजन पर खतरा मंडराने लगा है। सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी इस बात से चिंतित है और इसे वेकअप कॉल बता रही है। बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग का पहला मुकाबला गत विजेता मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जायेगा।
ग्राउंड स्टाफ को कोरोना होने से बढ़ी परेशानी
मुंबई बेस्ट आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि ग्राउंड स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की सूचना ने हालात में जरूर बदलाव किया है। हमें और भी अधिक सतर्कता बरतने के प्रति सचेत किया है। उन्होंने कहा कि जब ऐसी सूचना मिलती है तो निश्चित रूप से थोड़ी चिंता बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि हमारी फ्रेंचाइजी तमाम जरूरी सावधानी और प्रोटोकॉल का पालन कर रही है लेकिन जब ऐसी खबर सामने आती है तो चिंतित होना लाजिमी है। अधिकारी ने बताया कि वे प्रोटोकॉल में और सख्ती बरतेंगे।
ग्राउंड स्टाफ को कोरोना होना वेकअप कॉल जैसा
एक अन्य फ्रेंचाइजी से जुड़े अधिकारी ने बताया कि ये टूर्नामेंट से जुड़े तमाम लोगों के लिये एक वेकअप कॉल की तरह है। 8 ग्राउंड स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद जरूरी है कि हम अधिक सतर्कता बरतें। अधिकारी ने कहा कि अब तक हम बायो बबल को लेकर थोड़ी कंफर्टेबल स्थिति में होते थे लेकिन अब हमें सख्त प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। अधिकारी ने कहा कि फ्रेंचाइजी को किसी भी परिस्थिति के लिये तैयार रहना होगा।
वानखेड़े स्टेडियम चार टीमों का बेस कैंप बना है
बता दें कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 10 से 25 अप्रैल के बीच कुल 10 मैच खेले जाने हैं। 10 अप्रैल को यहां दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच पहला मुकाबला खेला जायेगा। दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने वानखेड़े स्टेडियम को ही अपना बेस कैंप बनाया हुआ है। टीमें यहीं अभ्यास कर रही है। ऐसे में यहां 8 ग्राउंड स्टाफ का कोरोना पॉजिटिव पाया जाना बेहद चिंताजनक है।
केकेआर के नीतिश राणा पाये गये थे कोरोना संक्रमित
जानकारी के लिये बता दें कि कोलकाता नाईट राइडर्स के बल्लेबाज नितिश राणा कोरोना पॉजिटिव पाये गये थे। हालांकि उनमें कोई लक्षण नहीं था। शुक्रवार को उनका दोबारा टेस्ट किया गया जिसमें वे निगेटिव पाये गये। कोलकाता नाईट राइडर्स ने एक आधिकारिक बयान जारी करके बताया कि नितिश राणा को अब टीम के साथ जुड़कर अभ्यास करने की अनुमति मिल गयी है। वे अभ्यास कर सकते हैं ताकि जरूरी फिटनेस हासिल कर लें।