द फॉलोअप डेस्क
रांची के खलारी थाना क्षेत्र स्थित डकरा केडीएच कॉलोनी में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहाँ एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को सरेराह गोली मार दी और उसके बाद अपने घर जाकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घायल युवती, जो पेशे से एक शिक्षिका है, उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रिम्स में चल रहा है। सरेराह शिक्षिका पर की फायरिंग घटना शुक्रवार सुबह की है, जब केडीएच कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय युवती हर रोज की तरह अपने घर से पास के एक निजी स्कूल में पढ़ाने के लिए निकली थी। जैसे ही वह मैदान गेट के पास पहुंची, वहां पहले से घात लगाए बैठे 33 वर्षीय सुनील केवट उर्फ छोटू ने उसे रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई और फिर अचानक सुनील ने पिस्तौल निकालकर युवती की गर्दन पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवती लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
आरोपी ने घर जाकर लगा ली खुद को गोली वारदात को अंजाम देने के बाद सुनील केवट भागकर अपने घर पहुंचा और कमरे में जाकर अपने सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि सुनील बचपन से ही अपने फुफेरे भाई के साथ कॉलोनी में रहता था और घटना के वक्त उसका भाई काम पर गया हुआ था। सूचना मिलते ही खलारी पुलिस मौके पर पहुंची और सुनील के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को पहले सीसीएल सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
आत्महत्या करने से पहले सुनील ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उसने इस खौफनाक कदम की वजह बताई। वीडियो में उसने दावा किया कि युवती के साथ उसका पिछले 6-7 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुनील के अनुसार, युवती पहले उससे शादी के लिए दबाव बनाती थी, लेकिन जब सुनील ने नौकरी के बाद शादी की बात कही, तो वह मान गई थी। सुनील ने यह भी कहा कि युवती के कहने पर उसने कई लोगों से दुश्मनी तक मोल ली थी। सुनील ने वीडियो में आरोप लगाया कि कुछ समय पहले युवती ने किसी और से शादी करने का फैसला कर लिया और उसे धोखा दिया। जब सुनील को पता चला कि वह किसी अन्य युवक से बात कर रही है, तो उसने उस युवक को फोन कर अपने प्रेम संबंध की जानकारी दे दी, जिससे युवती का रिश्ता टूट गया। इस बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हुआ, जिसमें युवती के पिता ने सुनील को थप्पड़ मारा और युवती ने उसे पहचानने से भी इनकार कर दिया। सुनील ने भावुक होकर कहा कि युवती ने उसे ब्लॉक कर दिया और उसे उसकी शक्ल तक पसंद नहीं आने लगी, जिससे आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
