logo

डायन बिसाही के शक में महिला की हत्या, पोते-पोती के सामने से खींचकर फावड़े से काट डाला

5902news.jpg
द फॉलोअप टीम, चाईबासा :
राज्य में डायन बिसाही का मामला नया नहीं है। आये दिन किसी न किसी महिला की इस अंधविश्वास के कारण मौत हो जाती है। कुछ ऐसी ही घटना ब्लॉक के छोटानागरा थाना क्षेत्र में हुई। बहदा गांव की चंदू गागराई (50वर्ष) की डायन बिसाही के शक में हत्या कर दी गयी। हत्या का आरोप 4 लोगों पर लगा है। जानकारी के मुताबिक 4 लोगों ने चंदू गागराई की हत्या कर उसका शव टीले में छिपा दिया था। 
पुलिस ने काफी मुश्किलों के बाद महिला के शव को बरामद किया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इधर, घटना को अंजाम देने वाले आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द गिरफ्तारी होगी। 

दो दिनों से लापता थी महिला
जानकारी के अनुसार मृतक महिला दो दिनों से लापता थी। उसके पोते-पोती अपनी दादी की खोजबीन में लगे हुए थे लेकिन, चंदू गागराई का कहीं पता नहीं चला। अंत में इन्होंने गांव के मुंडा रोया सिधु को आप-बीती सुनाई। 

हल से कर दी चंदू की हत्या 
जानकारी के मुताबिक घटना की सूचना मिलने के मुंडा रोया सिधु अपने स्तर से मृतका की तलाश में जुट गया। इसी बीच गांव के दो लोगों ने मुंडा रोया सिधु को सूचना दी कि गांव के गोमा गागराई और उसके भाई सुकराम गागराई, लखन चंपिया और उसके भाई गांदी चंपिया ने इनकी हत्या की है। 

ये लोग शनिवार की रात करीब 8 बजे पोता-पोती के सामने चंदू को घर से कुछ दूर ले गए और हल के फाल से चंदू की हत्या कर दी। उसके बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में जुट गए।